Showing posts with label #मां #पवित्र शब्द #संतान #स्वामी विवेकानंद #जिज्ञासु #पत्थर. Show all posts
Showing posts with label #मां #पवित्र शब्द #संतान #स्वामी विवेकानंद #जिज्ञासु #पत्थर. Show all posts

Wednesday, April 22, 2026

मैं समझ गया कि मां महान क्यों है?

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

मां के लिए दुनिया की सभी भाषाओं में जो भी शब्द हैं, उस भाषा के सबसे पवित्र शब्द हैं। मां की तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती है। मां का अपनी संतान के प्रति प्रेम बिल्कुल निस्वार्थ होता है। वह किसी लालसा या लोभ के लिए न तो अपने बच्चे को जन्म देती है और न ही जीवन में वह अपनी संतान से कोई अपेक्षा रखती है। 

एक बार स्वामी विवेकानंद से एक जिज्ञासु व्यक्ति ने पूछा कि स्वामी जी! मां की महिमा दुनिया भर के ग्रंथों में गाई गई है। ऐसा क्यों? मां इतनी महान क्यों है? यह बात सुनकर स्वामी विवेकानंद मुस्कुराए और बोले, एक काम करो। अभी तुरंत जाकर पांच सेर का एक पत्थर ले आओ। 

वह व्यक्ति पत्थर ले आया। स्वामी जी ने कहा कि एक कपड़े की सहायता से इस पत्थर को अपने पेट पर बांध लो। चौबीस घंटे तक इसे बांधे रखना। एक पल के लिए भी इसे अपने पेट से अलग मत करना। वह व्यक्ति चला गया। शाम तक वह पेट पर पत्थर लादे-लादे पस्त हो गया। 

अब उसे तो चलने-फिरने उठने बैठने में भी परेशानी होने लगी। किसी तरह दूसरे दिन की सुबह हुई और वह भागा-भागा स्वामी विवेकानंद के पास पहुंचा और बोला, एक सवाल का जवाब पाने के लिए अगर इतना कष्ट उठाना है, तो मुझे नहीं चाहिए अपने सवाल का जवाब। 

तब स्वामी जी ने समझाते हुए कहा कि तुम्हारी हालत दस-बारह घंटे में ही बिगड़ गई, जबकि मां लगभग इतना ही बोझ पेट में लेकर नौ महीने तक रहती है। वह अपने काम भी करती है, लेकिन किसी से शिकायत नहीं करती है। यही वजह है कि दुनिया में मां की महिमा गाई जाती है। यह बात सुनकर वह व्यक्ति स्वामी जी के चरणों में गिर गया और बोला, स्वामी जी, मैं समझ गया कि मां महान क्यों है?