Tuesday, November 17, 2026

साइबर ठगी रोकने से ही डिजिटल इंडिया बन सकेगा सुरक्षित इंडिया

 

अशोक मिश्र

देश में साइबर ठगी अब कोई छिटपुट अपराध नहीं रह गया है। यह एक संगठित, तकनीकी और मनोवैज्ञानिक रूप से अत्यंत सुनियोजित उद्योग का रूप ले चुका है। हर दिन किसी न किसी शहर, कस्बे या गाँव से ऐसी खबर आती है, जहाँ एक फोन कॉल, एक मैसेज, एक लिंक या एक ऐप ने किसी व्यक्ति की वर्षों की मेहनत की कमाई को कुछ ही मिनटों में साफ कर दिया। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसके शिकार केवल अनपढ़ या तकनीक से अनजान लोग नहीं हैं। पढ़े-लिखे, नौकरीपेशा, व्यापारी, डॉक्टर, शिक्षक, सेवानिवृत्त अधिकारी और यहाँ तक कि बैंक तथा पुलिस विभाग से जुड़े लोग भी इस जाल में फँसते जा रहे हैं। इससे साफ है कि समस्या केवल जानकारी के अभाव की नहीं है, बल्कि अपराधियों की चालाकी, तकनीक की गति और हमारे भरोसे की प्रवृत्ति के बीच के खतरनाक मेल की है। 

साइबर ठगी की सबसे बड़ी ताकत उसका अदृश्य और सीमा रहित स्वरूप है। पारंपरिक अपराध में अपराधी को घटनास्थल पर आना पड़ता था, पकड़े जाने का डर रहता था, लेकिन साइबर अपराध में ठग हजारों किमी दूर बैठकर, फर्जी सिम, फर्जी बैंक खातों, वीपीएन, विदेशी सर्वरों और म्यूल अकाउंट्स के पीछे छिपकर काम करता है। एक ही कॉल सेंटर से एक दिन में हजारों लोगों को फोन किए जाते हैं। इनमें से यदि सौ लोग भी झांसे में आ जाएं, तो ठगों का काम बन जाता है। ठगी के बाद पैसा कुछ ही मिनटों में कई खातों से होकर गुजरता है, क्रिप्टोकरेंसी में बदल जाता है या विदेश भेज दिया जाता है, जिससे उसे वापस लाना लगभग असंभव हो जाता है। यही कारण है कि पुलिस के पास शिकायत पहुँचने तक ठग अपना ठिकाना बदल चुके होते हैं। 

जागरूकता अभियानों के बावजूद ठगी बढ़ने का एक बड़ा कारण यह है कि जागरूकता और व्यवहार के बीच गहरी खाई है। अधिकतर लोग जानते हैं कि ओटीपी किसी को नहीं बताना चाहिए, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए, अनजान ऐप डाउनलोड नहीं करना चाहिए, फिर भी डर या लालच के क्षण में वही गलती दोहरा देते हैं। कारण यह है कि जागरूकता अभियान अक्सर केवल सूचनात्मक होते हैं, वे लोगों को ठगों की वास्तविक मनोवैज्ञानिक चालों से नहीं रूबरू कराते। विज्ञापनों में कहा जाता है कि सतर्क रहें, लेकिन यह नहीं बताया जाता कि ठग किस तरह आवाज बदलकर, फर्जी वेबसाइट बनाकर, बैंक जैसी दिखने वाली ऐप बनाकर और सरकारी दफ्तर जैसी भाषा बोलकर भरोसा जीतता है। 

दूसरी ओर, ठग लगातार अपने तरीके बदल रहे हैं। जैसे ही लोग एक तरीके से सावधान होते हैं, ठग नया तरीका ले आते हैं। कभी बिजली का बिल, कभी पार्सल, कभी टोल टैक्स, कभी नौकरी का आॅफर, कभी अस्पताल का बिल, कभी बच्चे की गिरफ्तारी, हर बार कहानी नई होती है, लेकिन जाल वही पुराना होता है। साइबर ठगी का आर्थिक नुकसान ही केवल मुद्दा नहीं है, इसका सामाजिक और मानसिक प्रभाव कहीं अधिक गहरा है। कई पीड़ित ठगी के बाद अवसाद में चले जाते हैं, परिवार में कलह बढ़ जाती है, बुजुर्गों को अपराधबोध सताने लगता है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की बचत गँवा दी। कुछ मामलों में तो पीड़ितों ने आत्महत्या तक कर ली है। कई लोग शर्म के कारण शिकायत ही नहीं करते हैं। इससे ठग और अधिक निडर हो जाते हैं। जो लोग शिकायत करते हैं, उन्हें भी कई बार थानों और बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। 

साइबर अपराध की जाँच के लिए हर जिले में पर्याप्त प्रशिक्षित पुलिस, तकनीकी संसाधन और समन्वय की व्यवस्था नहीं है। बैंक खाता फ्रीज कराने, शिकायत दर्ज कराने और पैसा वापस पाने की प्रक्रिया इतनी जटिल है कि आम व्यक्ति बीच में ही हार मान लेता है। इससे ठगों का मनोबल बढ़ता है और आम नागरिक का व्यवस्था पर भरोसा कम होता है। इस जाल को तोड़ने के लिए केवल लोगों को सतर्क रहने की सलाह देना पर्याप्त नहीं है, व्यवस्था के स्तर पर बड़े और ठोस बदलाव की आवश्यकता है। सबसे पहले साइबर अपराध की रिपोर्टिंग को इतना सरल, तेज और एक ही जगह से सुलभ बनाना होगा कि पीड़ित ठगी के पहले कुछ मिनटों में ही शिकायत कर सके। साइबर ठगी में पहला एक घंटा ही सबसे निर्णायक होता है, जिसे गोल्डन आवर कहा जाता है। 

यदि इसी समय में ठग के खाते को फ्रीज कर दिया जाए, तो पैसे बचने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर ठगी केवल तकनीकी अपराध नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज के भरोसे पर किया गया हमला है। जब तक ठगों को पकड़ना कठिन और ठगी करना आसान रहेगा, तब तक यह अपराध बढ़ता रहेगा। इसे रोकने के लिए कानून को तेज, तकनीक को मजबूत, बैंकों को जिम्मेदार और नागरिकों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करना होगा। साइबर दुनिया में सतर्कता अब एक विकल्प नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की अनिवार्य आदत बन चुकी है। यदि समाज, सरकार और तकनीकी कंपनियाँ मिलकर इस जाल को तोड़ने का संकल्प लें, तो ही डिजिटल इंडिया सचमुच सुरक्षित इंडिया बन सकेगा।

No comments:

Post a Comment