अशोक मिश्र
जाम, प्रदूषण और गंदगी किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे भीतर से खोखला कर देते हैं। शहर के विकास को बाधित तो करते ही हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था को भी भारी क्षति पहुंचाते हैं। यह असर केवल सड़कों पर दिखने वाली अव्यवस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जिन इलाकों में यह तीनों परिस्थितियां पैदा होती हैं, उस इलाके के दुकानदार की बिक्री से लेकर बड़ी कंपनी के निवेश के फैसले तक हर स्तर पर एक अवरोध महसूस किया जाता है। जब सड़कों पर घंटों जाम लगता है तो ग्राहक का सबसे कीमती संसाधन यानी उसका समय बर्बाद होता है। जो ग्राहक किसी बाजार में आधे घंटे में पहुंचकर खरीदारी करके लौटना चाहता था, वह दो घंटे ट्रैफिक में फंसकर थक जाता है। धीरे-धीरे वह उस बाजार में जाना ही कम कर देता है।वह पास की छोटी दुकान से काम चला लेता है या फिर आॅनलाइन खरीदारी की ओर चला जाता है। इसका सीधा नुकसान उन व्यापारियों को होता है जो मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों और पुराने व्यापारिक क्षेत्रों में बैठे हैं। कारण यह है कि ऐसे दुकानदारों की दुकान तक पहुंचना ही कष्टदायक हो जाता है। दुकान तक पहुंचने की कठिनाई ग्राहक के मन में उस जगह के प्रति एक नकारात्मक छवि बना देती है। उस जगह की दुकानों पर कितनी भी अच्छा या सस्ता सामान क्यों न मिलता हो, लोग वहां जाने से बचने लगते हैं। यही जाम व्यापार की आपूर्ति श्रृंखला को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। कच्चा माल समय पर नहीं पहुंचता है, तो वहीं तैयार माल गोदाम से दुकान तक देर से पहुंचता है। इन सामानों की डिलीवरी करने वाले वाहन एक ही चक्कर में कई घंटे फंसे रहते हैं। इससे ईंधन की खपत बढ़ती है, वाहन के रखरखाव का खर्च बढ़ता है, ड्राइवरों का वेतन और ओवरटाइम बढ़ता है। कुल मिलाकर व्यापार करने की लागत बढ़ जाती है।
यही वजह है कि सामान महंगा हो जाएगा। छोटा व्यापारी इस बढ़ी हुई लागत को ग्राहक पर नहीं डाल पाता, इसलिए उसका मुनाफा घटता है और बड़ा व्यापारी इसे कीमतों में जोड़ता है तो महंगाई बढ़ती है और मांग घटती है। समय पर डिलीवरी न होने से व्यापारियों का भरोसा टूटता है। आॅर्डर रद्द हो जाते हैं। कई बार तो विदेशी खरीदार या दूसरे शहरों के ग्राहक ऐसे शहरों से व्यापार करना ही बंद कर देते हैं जहां जाम के कारण समय का कोई भरोसा नहीं रहता। विशेष रूप से फल, सब्जी, दूध, दवाइयां और अन्य जल्दी खराब होने वाली चीजों का व्यापार जाम से सबसे ज्यादा प्रभावित होता है, क्योंकि देरी का मतलब सीधे-सीधे माल का सड़ना और नुकसान होता है। गंदगी और कचरे की समस्या व्यापार की छवि को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। जिस बाजार, गली या औद्योगिक क्षेत्र के आसपास कचरे के ढेर लगे हों, नालियां भरी हों, बदबू आ रही हो और आवारा जानवर घूम रहे हों, वहां कोई भी सम्मानित ग्राहक देर तक रुकना नहीं चाहेगा।
खासकर खाने-पीने का व्यापार, मिठाई, किराना, फल-सब्जी, कपड़े और सौंदर्य से जुड़ा व्यापार गंदगी से सीधे प्रभावित होता है। ग्राहक सबसे पहले सफाई देखता है। गंदगी देखते ही उसे उस दुकान के सामान की गुणवत्ता पर भी शक होने लगता है। गंदगी से मच्छर और बीमारियां फैलती हैं। इससे आसपास के कर्मचारियों और ग्राहकों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ता है। कई बार नगर निगम की ओर से गंदगी के कारण चालान भी किया जाता है। दुकान सील होने का डर रहता है। व्यापारी को सफाई पर अलग से पैसा खर्च करना पड़ता है, जबकि यह काम मूल रूप से स्थानीय निकायों का होता है। गंदगी वाले इलाके में अच्छी कंपनियां अपना कार्यालय या शोरूम खोलना नहीं चाहतीं, बैंक वहां शाखा खोलने से हिचकते हैं। गंदगी की वजह से उस इलाके की संपत्ति की कीमतें भी गिर जाती हैं, जिससे उस इलाके के व्यापारी की अपनी दुकान या जमीन की कीमत भी कम हो जाती है और उसे कर्ज लेने में भी मुश्किल होती है।
इन तीनों समस्याओं का मिला-जुला असर यह होता है कि व्यापार करने का माहौल ही खराब हो जाता है। नए निवेशक ऐसे शहर में पैसा लगाने से डरते हैं जहां उन्हें पता हो कि उनके कर्मचारियों को रोज जाम से जूझना पड़ेगा, प्रदूषण से बीमार होना पड़ेगा और ग्राहकों को गंदे माहौल से गुजरना पड़ेगा। जो युवा उद्यमी नया व्यापार शुरू करना चाहते हैं, वे ऐसे शहरों को छोड़कर साफ-सुथरे और व्यवस्थित शहरों की ओर चले जाते हैं, जिससे उस शहर में रोजगार के अवसर घटते हैं और अर्थव्यवस्था की गति धीमी पड़ जाती है। पुराने व्यापारी भी धीरे-धीरे अपना व्यापार समेटकर किसी और जगह चले जाते हैं या आॅनलाइन व्यापार की ओर चले जाते हैं, जिससे बाजारों में सन्नाटा छा जाता है। सरकारी खजाने पर भी इसका असर पड़ता है, क्योंकि व्यापार घटने से टैक्स की वसूली घटती है। फिर सरकार के पास सड़कों, सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर खर्च करने के लिए पैसा भी कम बचता है, जिससे एक दुष्चक्र बन जाता है। जाम, प्रदूषण और गंदगी केवल नागरिक समस्या नहीं रह जाते, बल्कि वे व्यापार की रीढ़ को तोड़ने वाली आर्थिक समस्या बन जाते हैं, जो रोजगार, निवेश, ग्राहकों का भरोसा और शहर की पूरी साख को एक साथ प्रभावित करते हैं।


No comments:
Post a Comment