उन्होंने तो यहां तक कहा कि एआई क्रांति कुशल कामगारों के लिए खतरा नहीं बनेगी, बल्कि विकसित भारत की ओर बढ़ते देश में प्रशिक्षित लोगों की मांग और बढ़ेगी। यह बात पहली नजर में हौसला बढ़ाने वाली जरूर लगती है। अगर गंभीरता से विचार किया जाए तो एक हद तक यह बात सही भी है। लेकिन पूरी सच्चाई इससे थोड़ी ज्यादा पेचीदा है। एआई नौकरियों को एक झटके में खत्म नहीं कर रहा है। वह काम के तरीके, काम की कीमत और काम करने वाले से अपेक्षित हुनर को धीरे-धीरे बदल रहा है।
अगर हम ध्यान से देखें तो एआई ने हमारे जीवन में ऐसे प्रवेश किया है, जैसे कभी बिजली या इंटरनेट ने किया था, चुपचाप, मगर हर जगह। आज सुबह उठते ही फोन का अलार्म, मौसम की जानकारी, ट्रैफिक का रास्ता, खाना मंगाना, बैंक का काम, डॉक्टर से सलाह, पढ़ाई, खेती में मौसम और मंडी के भाव की जानकारी, कारखाने में मशीनों की निगरानी, दुकान में स्टॉक का हिसाब, सब कहीं न कहीं एआई की मदद से आसान हो गया है। किसान अब सिर्फ अनुभव से नहीं, बल्कि सैटेलाइट तस्वीरों और एआई के अनुमानों से जान पा रहा है कि कब बारिश होगी और फसल में कौन सी बीमारी लग सकती है।
डॉक्टर एक्स-रे और सीटी स्कैन में शुरुआती संकेतों को तेजी से पकड़ पा रहे हैं। शिक्षक हर बच्चे के लिए अलग तरह से समझाने वाली सामग्री बना पा रहे हैं। छोटे व्यापारी बिना बड़ी टीम के भी विज्ञापन, बिलिंग, ग्राहकों से बातचीत और अनुवाद का काम कर पा रहे हैं। एआई ने जानकारी, गति और पहुंच को लोकतांत्रिक बना दिया है, जो काम पहले सिर्फ बड़े शहरों, बड़ी कंपनियों या विशेषज्ञों तक सीमित था, वह अब एक स्मार्टफोन तक पहुंच गया है। एआई सबसे पहले वही काम संभाल रहा है जो दोहराव वाला है, जो नियमों पर आधारित और आंकड़ों से भरा है, जैसे डेटा एंट्री, बेसिक कस्टमर सपोर्ट, साधारण रिपोर्ट बनाना, अनुवाद का पहला ड्राफ्ट, साधारण कोड लिखना, डिजाइन के शुरुआती विकल्प बनाना। इसका मतलब यह नहीं कि उन क्षेत्रों के सभी लोग बेरोजगार हो जाएंगे। इसका मतलब यह है कि सिर्फ वह पुराना तरीका अब काफी नहीं रहेगा।
जो व्यक्ति पहले दिन में दस रिपोर्ट हाथ से बनाता था, अब उससे अपेक्षा की जाएगी कि वह एआई से दस रिपोर्ट बनवाए, उनकी जांच करे, गलतियों को पकड़े, उनमें अपना अनुभव और समझ जोड़े और अंतिम फैसला खुद ले। यानी नौकरी नहीं जा रही, नौकरी का स्वरूप बदल रहा है। जो लोग नया हुनर सीख रहे हैं, एआई को औजार की तरह इस्तेमाल करना सीख रहे हैं, वे आगे निकल रहे हैं। जो लोग उसी पुराने तरीके पर अटके हैं, उन्हें दबाव महसूस हो रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री की बात को यों समझना ज्यादा सटीक होगा कि हुनर अब सिर्फ हाथ का हुनर नहीं रहा, हुनर अब सीखते रहने की क्षमता, समस्या को समझने की शक्ति, मशीन से सही सवाल पूछने की कला और इंसानी समझदारी का मेल बन गया है।
यह हमारे दिमाग पर भी गहरा असर डाल रहा है। मानव मस्तिष्क मूल रूप से मेहनत बचाने के लिए बना है, वह बार-बार किए जाने वाले कामों को आदत में बदल देता है ताकि ऊर्जा बचे। जब हर सवाल का जवाब एक सेकंड में मिलने लगे, हर रास्ता फोन बता दे, हर वर्तनी अपने आप ठीक हो जाए और हर निबंध, ईमेल या भाषण का पहला ड्राफ्ट मशीन लिख दे, तो दिमाग धीरे-धीरे उन मेहनत वाले कामों से बचने लगता है जिन्हें हम याददाश्त, एकाग्रता, तर्क और कल्पना कहते हैं। यह कोई काल्पनिक डर नहीं है। पहले हम दस फोन नंबर याद रखते थे, अब एक भी याद नहीं रहता। पहले हम रास्ता याद करके चलते थे, अब बिना नेविगेशन के दो गली आगे भी भटक जाते हैं। एआई से काम तेज होता है, लेकिन सोचने की मांसपेशी कमजोर पड़ती जाती है। मनोविज्ञान में इसे संज्ञानात्मक आॅफलोडिंग कहते हैं यानी दिमाग अपना काम मशीन को सौंप देता है।
थोड़ी आॅफलोडिंग अच्छी है, जैसे कैलकुलेटर ने हिसाब आसान किया, लेकिन जब हम हर छोटी सोच भी मशीन को सौंप दें तो धीरे-धीरे गहरी सोच, धैर्य, संदेह करना, अलग-अलग पक्षों को तौलना और लंबे समय तक किसी एक विचार पर टिके रहना मुश्किल होने लगता है। इसका असर ध्यान पर भी दिख रहा है। एआई से चलने वाले ऐप्स हमारी रुचि को समझकर हमें वही दिखाते हैं जो हमें तुरंत अच्छा लगे, जिससे दिमाग को तुरंत खुशी मिलने की आदत पड़ जाती है। नतीजा यह है कि लंबी किताब पढ़ना, लंबी बातचीत सुनना, बोरियत को सहना और किसी कठिन समस्या पर घंटों अटके रहना अब पहले से ज्यादा मुश्किल लगने लगा है, खासकर बच्चों और युवाओं में।


No comments:
Post a Comment