Tuesday, November 24, 2026

कॉप सम्मेलनों का क्या फायदा, जब समस्या का समाधान ही नहीं निकले


अशोक मिश्र

तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप 31 का बिना किसी अंतिम समझौते के समाप्त हो जाना सिर्फ एक कूटनीतिक विफलता नहीं, बल्कि इस सच्चाई का आईना है कि दुनिया जलवायु संकट की जड़ को छूने से अभी डर रही है। वह जड़ है जीवाश्म ईंधन। करीब दो सौ देशों के प्रतिनिधि कई दिन तक बातचीत करते रहे। निर्धारित समय के बाद भी दो दिन तक चर्चा चली, लेकिन अंत में कोई साझा दस्तावेज नहीं बन सका। कॉप जैसे सम्मेलनों पर अक्सर आरोप लगता है कि राष्ट्राध्यक्ष कॉप सम्मेलनों को पिकनिक समझकर आते हैं, कुछ दिन खा-पीकर लौट जाते हैं। दुनिया को केवल तस्वीरें और खोखले बयान मिलते हैं। इस गुस्से में सच्चाई का एक अंश जरूर है, क्योंकि जब एक के बाद एक सम्मेलन बिना ठोस समझौते के खत्म होते हैं तो आम आदमी का भरोसा टूटता है। यह भी सच है कि इन सम्मेलनों की विफलता सिर्फ नेताओं की लापरवाही नहीं है, बल्कि यह उन गहरे आर्थिक हितों, ऐतिहासिक अन्याय और भू-राजनीतिक टकराव का परिणाम है जो जीवाश्म ईंधन से जुड़े हुए हैं। जब तक दुनिया यह स्वीकार नहीं करती कि जलवायु संकट का इलाज जीवाश्म ईंधन से दूरी बनाए बिना संभव नहीं है। जब तक अमीर देश इस दूरी को तय करने की कीमत में ईमानदार हिस्सेदारी नहीं निभाते, तब तक हर कॉप एक ही चौराहे पर आकर अटकेगा।

तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप 31 में सबसे बड़ा विवाद इस बात पर था कि अंतिम समझौते के मसौदे में जीवाश्म ईंधन का स्पष्ट उल्लेख हो या नहीं। शुरुआती मसौदे में जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को कम करने और उनसे दूर जाने की दिशा में कदम तेज करने की बात थी, लेकिन बाद के संशोधित मसौदे से जीवाश्म ईंधन को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का उल्लेख ही हटा दिया गया। इसी तरह विकासशील देशों के लिए अनुकूलन वित्त से जुड़ा 120 अरब डॉलर का लक्ष्य भी संशोधित दस्तावेज में स्पष्ट रूप से शामिल नहीं रहा, बल्कि अनुकूलन वित्त को तीन गुना करने पर आगे चर्चा की बात कही गई। समस्या की गहराई इस बात से समझी जा सकती है कि दुनिया की अर्थव्यवस्था अब भी जीवाश्म ईंधन पर टिकी हुई है। बिजली, परिवहन, इस्पात, सीमेंट, उर्वरक, प्लास्टिक, रसायन और यहां तक कि भोजन की आपूर्ति श्रृंखला तक, हर जगह तेल, गैस या कोयले की छाप है। 

विकसित देशों ने औद्योगीकरण के दौर में दशकों तक सस्ते कोयले और तेल से तरक्की की और वातावरण में ऐतिहासिक उत्सर्जन का बड़ा हिस्सा उन्हीं का है। विकासशील देशों का तर्क है कि उन्हें भी विकास, रोजगार, बिजली और गरीबी मिटाने के लिए ऊर्जा चाहिए और उन्हें अचानक ईंधन छोड़ने को कहना अन्याय होगा, जब तक कि सस्ती, भरोसेमंद और स्वच्छ ऊर्जा का विकल्प और उसके लिए पर्याप्त पैसा न दिया जाए। यही वह जगह है जहां फंडिंग का पेच फंसता है। कॉप 31 में विकासशील देशों को जलवायु संकट से निपटने के लिए नई वित्तीय मदद देने पर सहमति नहीं बन सकी। भारत जैसे देशों ने विकसित देशों से वित्तीय जिम्मेदारी निभाने और जलवायु न्याय के सिद्धांतों का सम्मान करने की मांग उठाई। जलवायु न्याय का अर्थ सीधा है, जिसने सबसे ज्यादा प्रदूषण फैलाया, वह सबसे ज्यादा जिम्मेदारी उठाए। जो सबसे कम जिम्मेदार है लेकिन बाढ़, सूखा और गर्मी से सबसे ज्यादा पीड़ित है, उसे अकेला न छोड़ा जाए। 

फंडिंग का विवाद केवल पैसों की संख्या का विवाद नहीं है, बल्कि भरोसे का विवाद है। विकासशील देशों को अनुकूलन के लिए पैसा चाहिए यानी ऐसी बाढ़-रोधी बुनियादी ढांचा, सूखा-सहिष्णु बीज, जल प्रबंधन, तटीय सुरक्षा, हीट एक्शन प्लान और स्वास्थ्य व्यवस्था, जिससे वे बदलती जलवायु में जी सकें। उन्हें शमन के लिए भी पैसा चाहिए यानी सौर, पवन, बैटरी स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक परिवहन और ऊर्जा दक्षता में निवेश, ताकि वे जीवाश्म ईंधन को छोड़े बिना विकास से वंचित न रहें। उन्हें नुकसान और क्षति के लिए भी मदद चाहिए, क्योंकि कई नुकसान अब रोके नहीं जा सकते, गांव डूब रहे हैं, फसलें बर्बाद हो रही हैं, आजीविकाएं खत्म हो रही हैं। जब ये वादे कागज पर तो होते हैं लेकिन जमीन पर पैसा देर से, कर्ज के रूप में या शर्तों के साथ पहुंचता है, तो बातचीत में अविश्वास बढ़ता है और देश किसी भी कड़े जीवाश्म ईंधन लक्ष्य पर हस्ताक्षर करने से हिचकते हैं। 

इस गतिरोध का सबसे दुखद पहलू यह है कि बाहर दुनिया में जलवायु संकट रुक नहीं रहा। हर साल का विलंब वातावरण में और अधिक कार्बन जोड़ता है। कार्बन एक बार वातावरण में पहुंच जाए तो दशकों तक बना रहता है। इसलिए आज की देरी का असर आने वाली पीढ़ियों को भुगतना होगा। जीवाश्म ईंधन की समस्या को केवल कोयला बंद करने तक सीमित करके देखना भी भूल होगी। कोयला सबसे गंदा जरूर है, लेकिन तेल और गैस भी कम खतरनाक नहीं हैं। गैस को अक्सर एक पुल ईंधन कहा जाता है, लेकिन उसके उत्पादन और परिवहन में मीथेन का रिसाव होता है, जो अल्पकाल में कार्बन डाइआॅक्साइड से कहीं ज्यादा शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैस है।

No comments:

Post a Comment