अशोक मिश्र
दिल्ली के बड़े बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऑर्डर के बीच गिग वर्कर्स के लिए रेस्टिंग जोन बनाने की तैयारी हो रही है। शालीमार बाग में एक मॉडल सेंटर पहले ही शुरू किया जा चुका है, जहाँ डिलीवरी पार्टनर आराम कर सकते हैं, मोबाइल चार्ज कर सकते हैं और पीने का पानी ले सकते हैं। सरकार ने ई-कॉमर्स व डिलीवरी कंपनियों से इस पहल में साझेदारी की अपील भी की है। वैसे तो यह खबर छोटी लग सकती है, पर इसके पीछे भारत के कामकाजी जीवन की एक बहुत बड़ी और अब तक अधूरी कहानी छिपी है। जिस व्यक्ति को हम एक ऐप के जरिए खाना, किराना, दवा, पार्सल या सवारी मँगवाने के लिए कुछ सेकंड में याद करते हैं, वह दिन भर सड़क पर होता है। धूप, बारिश, ट्रैफिक, प्रदूषण और समय की मारामारी के बीच होता है।उसके पास अक्सर न तो बैठने की निश्चित जगह होती है, न साफ शौचालय, न पीने के पानी की भरोसेमंद व्यवस्था और न ही वह सम्मानजनक ठहराव जो किसी भी मेहनतकश को मिलना चाहिए। रेस्टिंग जोन की जरूरत इसलिए पैदा हुई है क्योंकि गिग अर्थव्यवस्था ने काम को तो डिजिटल और तेज कर दिया, लेकिन काम करने वाले इंसान के लिए शहर की बुनियादी सुविधाओं को उसी गति से नहीं बदला। डिलीवरी राइडर को ऑर्डर के बीच अक्सर फुटपाथ, फ्लाईओवर के नीचे, दुकान के बाहर, पेट्रोल पंप या किसी पेड़ की छाया में बैठना पड़ता है, जहाँ वह न ठीक से सुस्ता पाता है, न फोन चार्ज कर पाता है, न बारिश से बच पाता है और न ही अगला ऑर्डर आने तक मानसिक रूप से खुद को संभाल पाता है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार भारत में गिग वर्कर्स की संख्या वित्त वर्ष 2021 के 77 लाख से 55 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 1.2 करोड़ हो गई है। अब यह कुल कार्यबल के दो प्रतिशत से अधिक है। वृद्धि की रफ्तार समग्र रोजगार से भी तेज है। नीति आयोग के 2022 के अनुमान के अनुसार 2020-21 में 77 लाख गिग वर्कर गैर-कृषि कार्यबल का 2.6 प्रतिशत या कुल कार्यबल का 1.5 प्रतिशत थे। 2029-30 तक इनके 2.35 करोड़ तक पहुँचने का अनुमान है, जो गैर-कृषि कार्यबल का 6.7 प्रतिशत और कुल आजीविका का 4.1 प्रतिशत होगा।
आर्थिक सर्वेक्षण में अनुमान लगाया गया है कि 2029-30 तक गैर-कृषि गिग काम कुल कार्यबल का 6.7 प्रतिशत होगा। गिग वर्कर्स जीडीपी में 2.35 लाख करोड़ रुपये का योगदान देंगे। आज लगभग हर पचास में से एक कामगार गिग वर्कर है। कुछ ही वर्षों में यह अनुपात और बड़ा हो जाएगा। कारोबार का आकार 2.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अकेले 37 लाख से अधिक गिग वर्कर्स को रोजगार देते हैं। इसके बाद लॉजिस्टिक्स में 15 लाख और बीएफएसआई व मैन्युफैक्चरिंग में 10-10 लाख वर्कर हैं। इससे साफ है कि यह अब कोई किनारे का काम नहीं रहा, बल्कि शहरों की रोजमर्रा की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। इस व्यवसाय की विसंगतियाँ सबसे तीखी होकर सामने आती हैं। एक तरफ कंपनियाँ ग्राहक को दस मिनट में डिलीवरी, सस्ती सवारी, चौबीसों घंटे सेवा और ट्रैकिंग का भरोसा देती हैं, दूसरी तरफ उस भरोसे को पूरा करने वाला वर्कर अक्सर न्यूनतम मजदूरी, स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पेंशन, मातृत्व लाभ, साप्ताहिक अवकाश और शिकायत निवारण जैसी बुनियादी सामाजिक सुरक्षा से बाहर खड़ा होता है।
कानून की किताब में वह न पूरी तरह कर्मचारी है, न पूरी तरह स्वतंत्र उद्यमी। बीच की एक अधूरी श्रेणी में है जिसे प्लेटफॉर्म वर्कर कहा जाता है। इस अधूरेपन का असर उसकी जेब पर सीधा पड़ता है। लगभग 40 प्रतिशत गिग वर्कर्स 15 हजार रुपये प्रति माह से कम कमाते हैं। आय की अस्थिरता इस क्षेत्र की सबसे बड़ी चिंता है। ऊपर से पेट्रोल या सीएनजी, बाइक की किस्त, मेंटेनेंस, मोबाइल डेटा, हेलमेट, रेनकोट और प्लेटफॉर्म शुल्क जैसे खर्चे उसी की कमाई से कटते हैं। ऐप पर दिखने वाली कमाई और हाथ में बचने वाली रकम में बड़ा फर्क होता है। अब बात करें रेस्टिंग जोन की, तो ऑर्डर के बीच रेस्टिंग जोन सिर्फ एक कुर्सी और एक चार्जर का सवाल नहीं है।
सवाल है कि क्या शहर अपने सबसे मेहनती और सबसे दिखने वाले कामगार को इंसान की तरह जगह देगा या नहीं। एक साफ, सुरक्षित, छायादार और सम्मानजनक ठहराव वर्कर को सिर्फ शारीरिक आराम नहीं देता, बल्कि उसे पानी पीने, शौचालय जाने, फोन चार्ज करने, थोड़ी देर पैर सीधे करने, साथियों से बात करने, कंपनी या सरकार की योजनाओं की जानकारी लेने और अगली पारी के लिए खुद को फिर से तैयार करने का मौका देता है। यही छोटा सा ठहराव दुर्घटनाओं को कम कर सकता है। थका हुआ, भूखा और तनावग्रस्त राइडर सड़क पर ज्यादा जोखिम उठाता है। यह भी सच है कि सिर्फ बैठने की जगह देने से वह ढांचा नहीं बदलेगा जिसमें मुनाफा प्लेटफॉर्म का होता है, जोखिम वर्कर का और सुविधा शहर की। वर्कर बीच में ही खड़ा रहता है। रेस्टिंग जोन की यह तैयारी एक अच्छी शुरुआत है।


No comments:
Post a Comment