Sunday, November 29, 2026

परिसीमन बिल पर एक बार संसद में फिर रार के आसार

अशोक मिश्र

केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को हुई बैठक में लोकसभा और राज्यसभा में पचास प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। लोकसभा में 30 नवंबर और राज्यसभा में 2 दिसंबर को परिसीमन बिल पेश किया जाएगा। परिसीमन का अर्थ केवल चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को फिर से खींचना नहीं है, बल्कि यह तय करना है कि किस राज्य की संसद और विधानसभा में कितनी आवाज होगी। किस समुदाय का प्रतिनिधित्व कितना बढ़ेगा। भारत में 1976 में 42वें संशोधन और फिर 2001 में 84वें संशोधन के जरिए सीटों की संख्या को 2026 तक के लिए स्थिर कर दिया गया था, ताकि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता पाई, उन्हें इसकी सजा न मिले। जिन राज्यों की जनसंख्या तेजी से बढ़ी, उन्हें इसका अनुचित लाभ न मिले। अब वह रोक समाप्त होने के करीब है और जनगणना की प्रक्रिया भी चल रही है। 

केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में लाया गया मूल परिसीमन विधेयक वापस लेकर संशोधित रूप में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाने का फैसला किया है। नए प्रस्ताव का सबसे बड़ा प्रावधान यह है कि पहली परिसीमन प्रक्रिया में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि की जाएगी, लोकसभा की अधिकतम संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जाएगी, जिनमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 की जाएगी। साथ ही बढ़ी हुई सीटों को 25 वर्ष तक यानी 2051 तक फ्रीज रखने का प्रावधान भी जोड़ा गया है, ताकि बार-बार परिसीमन की राजनीति से बचा जा सके और राज्यों को एक दीर्घकालिक आश्वासन मिले। 

सत्तापक्ष का तर्क है कि यह बदलाव अपरिहार्य और न्यायसंगत है, क्योंकि 1971 की जनसंख्या के आधार पर बना प्रतिनिधित्व अब 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले देश की हकीकत को नहीं दर्शाता है। एक सांसद पर औसतन 25 लाख से अधिक मतदाताओं का बोझ है। नए राज्य बने हैं, शहरीकरण बढ़ा है, प्रवासन ने कई क्षेत्रों की जनसांख्यिकी बदल दी है और इसलिए लोकतंत्र को अधिक प्रतिनिधित्वपरक बनाने के लिए सदन का विस्तार जरूरी है। सरकार का यह भी कहना है कि सीटें बढ़ाने से किसी राज्य की सीटें घटेंगी नहीं, बल्कि सबकी बढ़ेंगी, इसलिए यह किसी के साथ अन्याय नहीं है। सबको साथ लेकर चलने वाला फॉर्मूला है। इसी फॉर्मूले को सरकार दक्षिण के राज्यों की चिंता का जवाब भी बताती है। पहले आशंका थी कि यदि केवल जनसंख्या के अनुपात में सीटें बांटी गईं तो उत्तर भारत के अधिक जनसंख्या वाले राज्यों का संसद में दबदबा बहुत बढ़ जाएगा और दक्षिण के राज्यों का सापेक्षिक वजन घट जाएगा। 50 प्रतिशत की समान वृद्धि से यह असंतुलन काफी हद तक थम जाएगा। 

सरकार यह भी कह रही है कि इस प्रक्रिया से उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का विभाजन टालने में मदद मिलेगी, क्योंकि विधानसभा की 500 सीटों की अधिकतम सीमा हटाकर उसे 650 तक बढ़ाया जा रहा है, ताकि उत्तर प्रदेश की विधानसभा 403 से बढ़कर लगभग 605 तक पहुंच सके और उसे विभाजित करने की जरूरत न पड़े। सत्तापक्ष के लिए यह केवल प्रशासनिक सुधार नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी है कि वह दशकों से लटके परिसीमन, महिला आरक्षण और प्रतिनिधित्व के मुद्दों को एक साथ सुलझाने का साहस दिखा रहा है। वहीं विपक्ष का मतभेद एक नहीं, कई स्तरों पर है। विपक्ष भी एक सुर में नहीं है। यही इस बहस को और जटिल बनाता है। दक्षिण के राज्यों, विशेषकर तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल का मुख्य डर यह है कि उन्होंने परिवार नियोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया, लेकिन यदि परिसीमन का आधार नई जनसंख्या बन गया तो उन्हें अपनी सफलता की कीमत चुकानी पड़ेगी। संसद में उनका अनुपात घटेगा और केंद्र से मिलने वाले संसाधनों, योजनाओं और नीतिगत फैसलों में उनकी सौदेबाजी की ताकत कमजोर होगी। 

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का एक दूसरा तर्क  यह है कि वे महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं, लेकिन उसे परिसीमन से जोड़ने का विरोध करते हैं क्योंकि इससे आरक्षण वर्षों तक टलता रहेगा और परिसीमन की जटिल प्रक्रिया महिला प्रतिनिधित्व की राह में बाधा बन जाएगी। कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि सरकार इस मुद्दे को चुनावी माहौल बनाने, विपक्षी शासित राज्यों को दबाव में लाने और संघीय ढांचे में केंद्र का वर्चस्व बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर रही है। 

हालांकि सरकार के संशोधित फॉर्मूले के बाद डीएमके, एनसीपी (शरद गुट) और एसआरसीपी जैसे दलों ने सरकार को समर्थन देने का संकेत दिया है। सरकार 360 वोटों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए इन दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि संविधान संशोधन के लिए विशेष बहुमत चाहिए। इससे यह भी साफ होता है कि मतभेद केवल सिद्धांत का नहीं है, बल्कि हर दल अपने राज्य के हित, अपनी सीटों के गणित और अपने मतदाता आधार के हिसाब से इस बिल को तौल रहा है। 

No comments:

Post a Comment