Wednesday, November 5, 2025

हर दृष्टिकोण सत्य होते हुए भी अधूरा

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

सत्य सापेक्ष होता है। जो व्यक्ति किसी वस्तु या विचार को देखते है, तो वह अपने नजरिये के अनुसार पाता है। जो बात किसी व्यक्ति के लिए सत्य हो सकती है, वह किसी दूसरे व्यक्ति के लिए असत्य हो सकती है। जो आग किसी व्यक्ति को जला सकती है, वही आग ठंड से ठिठुरते व्यक्ति को राहत दे सकती है। जबकि दोनों मामलों में आग एक ही है। इस संबंध में एक रोचक कथा है। किसी शहर में एक हाथी आया। 

उस शहर के लोगों ने पहली बार हाथी देखा था। इसकी खूब चर्चा हुई। यह चर्चा उड़ती हुई अंधे लोगों के एक समूह तक पहुंची। अंधे लोगों ने आपस में विचार किया कि शहर में एक अजीबोगरीब जानवर आया है, जिसे हाथी कहा जाता है। लेकिन उन अंधे लोगों को हाथी का आकार-प्रकार नहीं पता था। वह भिन्न प्रकार के आकार-प्रकार की कल्पना करने लगे। काफी सोच विचार और मंथन के बाद अंधे लोगों के समूह ने फैसला किया कि एक बार हमें हाथी को छूकर देखना चाहिए। 

बेकार की कल्पना करने से बेहतर है कि हम उसे छूकर उसकी सच्चाई का पता लगाएं। इसलिए उन्होंने हाथी के मालिक से मिलने का फैसला किया। आखिर में उन्हें मालिक से हाथी को छूने की इजाजत मिल गई। पहले व्यक्ति का हाथ सूंड पर पड़ा। उसने कहा, हाथी एक मोटे साँप जैसा है। दूसरे व्यक्ति का हाथ उसके कान तक पहुँचा, उसे वह एक पंखे जैसा लगा। एक और व्यक्ति का हाथ पैर पर था। 

उसने कहा, हाथी पेड़ के तने जैसा है। इस तरह सभी अंधों ने हाथी के विभिन्न अंगों को छुआ और उसके मुताबिक ही हाथी का आकार बताया। वैसे जिसने हाथी देखा है, वह जानता है कि हाथी कैसा होता है, लेकिन अंधों ने जैसा महसूस किया था, उनके लिए वही सत्य था।

लावारिस पशुओं से मुक्ति की बाट जोह रही हरियाणा की जनता

अशोक मिश्र

मई महीने में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेयरी संचालकों और पशु पालकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि सड़कों पर लावारिस पशु दिखाई दिए, तो डेयरी संचालकों और पशु पालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस चेतावनी को डेयरी संचालकों और पशु पालकों ने कितनी गंभीरता से लिया, इसका पता इस बात से चलता है कि आज भी सड़कों पर लावारिस पशु अच्छी खासी संख्या में दिखाई दे जाते हैं। प्रदेश का शायद  ही कोई ऐसा जिला हो, जहां सड़कों और गलियों में लावारिस पशु न दिखाई देते हों। 

सड़कों पर घूमते लावारिस पशु लोगों के लिए भारी मुसीबत का कारण बन रहे हैं। कुछ पशु तो इतने आक्रामक होते हैं कि वह साइकिल या स्कूटी, मोटरसाइकिल सवार को देखते ही मारने दौड़ पड़ते हैं। लावारिस पशु से बचने के प्रयास में कई बार सवार हादसे का शिकार हो जाते हैं। कुछ लोग हादसों में अपनी जान भी गंवा बैठते हैं। कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो ऐसे हादसों में जीवन भर के लिए अपंग हो जाते हैं। 

सरकार के बार-बार चेतावनी देने के बाद भी लोग अपने पशुओं को खुले में छोड़ देने की आदत से बाज नहीं आते हैं। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने अगस्त में एक राज्यव्यापी अभियान चलाया था जिसमें हरियाणा की सड़कों को पशु मुक्त करने की बात कही गई थी। प्रदेश सरकार ने स्थानीय निकायों को यह स्पष्ट आदेश दिया था कि वह अपने-अपने इलाकों में घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में ले जाएं। इनको वहां रखें। इसके लिए राज्य सरकार ने गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने का भी प्रावधान किया था। प्रति बछड़े के लिए तीन सौ रुपये, प्रति गाय के लिए छह सौ रुपये और प्रति बैल आठ सौ रुपये देने की व्यवस्था की थी। यह अभियान पूरे एक महीने तक चला था। 

इस अभियान में स्थानीय शहरी निकाय, हरियाणा गौशाला आयोग और पशुपालन विभाग ने हिस्सा लिया था। लेकिन यह अभियान कितना सफल हुआ, इसकी पुष्टि सड़कों पर घूमते लावारिस पशु करते हैं। अभियान के दौरान पाए गए लावारिस पशुओं की टैगिंग की व्यवस्था की गई थी। उनका एक रिकार्ड तैयार करने की भी बात कही गई थी। आज सड़कों पर घूमते कई लावारिस पशुओं में टैग वाले पशु भी देखे गए हैं। सड़कों पर विचरण करने वाले लावारिस पशुओं की वजह से सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग परेशान होते हैं। 

जब दो पशुओं में लड़ाई होती है या पशु ही आक्रामक हो तो इनकी चपेट में आने से बच्चे और बुजुर्ग कम ही बच पाते हैं। ऐसी स्थिति में उनको गंभीर चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। कई जगहों पर तो लावारिस पशु यातायात व्यवस्था के लिए भी एक संकट साबित होते हैं। लावारिस पशु सड़कों, गलियों में गदंगी भी फैलाते हैं। भोजन की तलाश में यह कूड़ा-करकट भी बिखेर देते हैं।

Tuesday, November 4, 2025

अपने कर्तव्य का पालन न करना पड़ा भारी

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

हमारे देश में यह बहुत पुरानी मान्यता रही है कि सबको अपने-अपने धर्म का पालन करना चाहिए। यहां धर्म का मतलब रिलीजन या धार्मिक मान्यताओं से नहीं है। यहां धर्म का मतलब अपने कर्तव्य से है। यदि किसी व्यक्ति का पेशा रात भर चौकीदारी करने का है, तो उसे अपने कर्तव्य का पालन बड़ी ईमानदारी से करना चाहिए। 

प्राचीन पुस्तकों में यह भी कहा गया है कि जो व्यक्ति अपने काम को ईमानदारी से नहीं करता है, वह समाज में अच्छा इंसान नहीं माना जाता है। इस बात को एक कथा के माध्यम से भी समझाया जा सकता है। किसी गांव में एक धोबी रहता था। उसने अपने घर की रखवाली के लिए कुत्ता पाल रखा था। इतना ही नहीं, उसने कपड़ों को घाट तक लाने-ले जाने के लिए एक गधा भी पल रखा था। 

धोबी जब गधे और कुत्ते को खाना देता, तो कुत्ते को गुस्सा आ जाता था। वह सोचने लगता था कि गधे को ज्यादा खाना क्यों दिया। रोज यह भेदभाव देखने की वजह से कुत्ता अपने मालिक से नाराज हो गया। एक दिन धोबी के घर में कुछ चोर घुस आए। उन्होंने घर का सारा सामान समेटा और रफूचक्कर हो गए। उस समय घोबी अपने घर में ही सोया हुआ था, लेकिन उसे चोरी होने की खबर ही नहीं हुई। 

चोरों को घर में घुसते हुए गधे और कुत्ते ने देख लिया था। गधे ने कुत्ते से कहा कि उसे इस समय भौंकना चाहिए, ताकि मालिक जाग जाएं। इस समय उसका चुप रहना उचित नहीं है। लेकिन कुत्ता नहीं भौंका। यह देखकर गधे ने रेंकना शुरू कर दिया। धोबी उठा, तो उसने पाया कि चोर सब कुछ लेकर जा चुके हैं। धोबी ने उठाया डंडा और गधे को मार-मार कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद कुत्ते का नबंर आया। थोड़ी देर दोनों घायल पड़े थे। एक को मार इसलिए पड़ी क्योंकि उसने दूसरे का धर्म निभाया था। दूसरे को मार इस वजह से पड़ी कि उसने अपने धर्म का निर्वाह नहीं किया था।

नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने को केमिस्टों पर दर्ज होगा केस

अशोक मिश्र

नशा किसी व्यक्ति का जीवन ही नहीं लेता, बल्कि पूरे परिवार को एक असहनीय दर्द दे जाता है। नशा परिवार के लोगों का जीवन नरक जैसा बना देता है। नशीले पदार्थों का आदी व्यक्ति जरूरत पड़ने पर अपने घर से ही चोरी करने पर मजबूर हो जाता है जिसकी वजह से घर में क्लेश बढ़ता है। प्रदेश में कुछ ऐसी भी घटनाएं देखने को मिली हैं जिसमें पति-पत्नी के बीच तलाक की नौबत तक आ गई है। कुछ महिलाओं ने तो अपने पति की नशाखोरी की आदत से परेशान होकर आत्महत्या तक कर ली है।

यह स्थिति हरियाणा की ही नहीं, देश के लगभग हर राज्य की है। नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन से कोई भी राज्य अछूता नहीं है। नशाखोरी का चलन किस कदर बढ़ रहा है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हरियाणा में नशे की ओवरडोज से लोगों के मरने की संख्या लगातार बढ़ रही है। सिरसा समेत कई जिलों में पिछले दिनों में काफी संख्या में लोग नशे की ओवरडोज के चलते अपने प्राण गंवा चुके हैं। मरने वाले ज्यादातर लोगों की बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में बार-बार सुई लगाने के निशान पाए हैं जिससे यह साबित हुआ कि मरने वाले ने गलती से ओवरडोज नशा कर लिया था। 

इसी समस्या से पंजाब भी जूझ रहा है। पिछले छह महीनों के भीतर पंजाब में सैकड़ों लोग नशे की ओवरडोज से अपनी जान गंवा बैठे हैं। पंजाब और हरियाणा में नशीले पदार्थों की बहुत ज्यादा होने की खबरें हैं। आमतौर पर नशा या फार्मास्यूटिकल ड्रग से होने वाली मौतों के मामले में पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करती थी और शव को  पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाता था। 

पुलिस कोई कार्रवाई भी नहीं करती थी जब तक कि परिजन किसी के खिलाफ कोई शिकायत न दर्ज कराएं। लेकिन अब हरियाणा पुलिस ने फैसला लिया है कि यदि किसी की नशे की ओवरडोज से मौत होती है, तो उस ड्रग्स को बेचने वाले केमिस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और उसे दंडित किया जाएगा। इसके लिए पुलिस मरने वाले के फोन की लोकेशन ट्रेस करेगी और जिस मेडिकल स्टोर से उसने ड्रग्स खरीदा होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। वैसे हरियाणा सरकार पिछले काफी दिनों से नशीले पदार्थ की बिक्री रोकने का भरसक प्रयास कर रही है। 

उसने पुलिस अधिकारियों को पूरी छूट दे रखी है कि वह अवैध नशा विक्रेताओं के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करें। इसके बावजूद प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार रुक नहीं रहा है। पुलिस कभी कभार छापा मारकर नशे का अवैध कारोबार करने वालों को पकड़ पाने में सफल हो जाती है, लेकिन बाद में वह जमानत पर बाहर आते हैं और फिर नशा तस्करी में लग जाते हैं। पुलिस प्रशासन को नशा तस्करों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। तभी हालात सुधरेंगे।

Monday, November 3, 2025

यह ताबूत तुम्हारे बेटे के काम आएगा

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

कहा जाता है कि आदमी यदि अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा नहीं करता है, उनका अनादर करता है, तो वह इंसान कहलाने लायक नहीं होता है। माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है। एक बार की बात है। किसी गांव में एक किसान रहता था। उसने अपने परिवार का बहुत अच्छी तरह से पालन पोषण किया। 

जीवन भर उसने कठिन परिश्रम करके परिवार को सम्मानजनक तरीके से रहने की व्यवस्था की थी। समय के साथ एक दिन ऐसा भी आया जब वह बूढ़ा हो गया। अब किसान किसी काम का नहीं रह गया। वह घर में दिन भर बैठा रहता था। उसका बेटा अब अपने पिता की जगह पर खेतों में काम करने लगा था। 

रोज अपने पिता को खाली बैठा देखकर उसे बहुत चिढ़ पैदा होने लगी थी। वह यह भी भूल गया था कि उसके इसी पिता ने उसका पालन-पोषण किया था। जब वह बच्चा था, तो उसकी देखभाल की थी। वह अपने पिता के किए गए उपकारों को भूल चुका था। जब भी वह अपने बुजुर्ग पिता को देखता, तो मन ही मन यही सोचता था कि यह बैठे-बैठे खा रहा है। अब तो इसे मर जाना चाहिए। फालतू में जी रहा है। एक दिन बेटे ने कुछ निश्चय करके उसने लकड़ी का एक ताबूत बनवाया। 

उसने उस ताबूत में अपने पिता को डालकर वह खेतों के पास पहाड़ी पर ले गया। जब वह ताबूत को पहाड़ी से नीचे फेंकने ही वाला था कि ताबूत में खटखटाने की आवाज आई। उसने ताबूत खोला, तो उसके पिता ने कहा कि मैं जानता हूं कि तुम मुझे पहाड़ी से फेंकने वाले हो। इस सुंदर ताबूत को खराब करने की क्या जरूरत है। मुझे ऐसे ही फेंक दो। यह ताबूत तुम्हारे बेटे के काम आएगा। यह सुनकर बेटे को बड़ी लज्जा आई। वह फूट-फूटकर रोने लगा। उसने पिता से क्षमा मांगी और उसे वापस घर ले आया।



हालात बिगड़े, लोगों के लिए गैस चैंबर बनी हरियाणा की हवा

अशोक मिश्र

यह हमारे स्वभाव में है कि जब तक कोई समस्या हमारे सिर पर आकर सवार नहीं हो जाती है, तब तक हम शुतुरमुर्ग की तरह अपनी चोंच रेत में घुसेड़े रहते हैं। इन दिनों दिल्ली एनसीआर सहित हरियाणा के जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है, लेकिन इस स्थिति से बचने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उत्तर भारत में रहने वाला आम नागरिक भी यह बात जानता है कि दिवाली के बाद प्रदूषण हर हालत में बढ़ जाता है। पटाखों और पराली को जलाने से रोकने का हर संभव प्रयास करने के बावजूद हालात बदतर ही रहते हैं। 

इसके बावदू प्रशासन वायु प्रदूषण रोकने की कवायद तब शुरू करता है, जब हालात बेकाबू हो चुके होते हैं। कल से ही दिल्ली एनसीआर में हरियाणा के पुराने डीजल वाहनों का प्रवेश निषेध किया गया है। कहने को तो यह फरमान जारी कर दिया गया, लेकिन बार्डर पर इतनी सख्ती नहीं बरती गई जितनी कि जरूरत थी। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान वन बहुत पहले भी लागू किया जा चुका है, लेकिन इसका उल्लंघन करने वालों पर समुचित कार्रवाई केवल छिटपुट ही की गई। 

नतीजा यह हुआ कि आज हालात काफी बदतर हो चुके हैं। हरियाणा में भी कई जिलों की हालत गैस चैंबर जैसी हो गई है। कई जिलों में सुबह से लेकर रात तक स्माग छा जाने की वजह से लोगों का दम घुट रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ भी होता नहीं दिखाई दे रहा है। स्माग की वजह से लोगों की आंखों में जलन हो रही है, आंखों से पानी गिर रहा है। कुछ मामलो में तो यह भी देखने को मिला है कि स्माग के चलते कई लोगों की आंखों की रोशनी तक चली गई है। चिकित्सक बताते हैं कि ऐसा इसलिए होता है क्योंकि स्मॉग के चलते कार्निया पर प्रदूषित कण जमा हो जाते हैं जिसकी वजह से आंख खराब हो जाती है। पिछले कुछ दिनों से हरियाणा में दमा रोगियों की संख्या में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हो रही है। 

इसके साथ ही स्किन रोग भी लोगों में बढ़ता जा रहा है। यदि प्रदूषण पर जल्दी ही काबू नहीं पाया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। शनिवार को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पूरा दिन स्मॉग छाया रहा जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, नारनौल और फरीदाबाद जैसे शहरों का हाल तो बहुत बुरा रहा। इन शहरों में 389 से लेकर 200 के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स रहा। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हरियाणा में किस कदर वायु प्रदूषण फैला हुआ है। 

हरियाणा और दिल्ली सरकार को चाहिए कि वह जल्दी से जल्दी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान को सख्ती से लागू करे। यदि कोई ग्रेप का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। इतना ही नहीं, समस्या पैदा होने से पहले ही सरकार कदम उठाए, ऐसे हालात पैदा ही न हों।

Sunday, November 2, 2025

मूर्ख से बहस करना बुद्धिमानी नहीं

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

किसी दार्शनिक ने कहा है कि मूर्ख व्यक्ति से बहस नहीं करनी चाहिए क्योंकि वह आपकी सही बात को भी गलत ठहरा देंगे। यह बात सामान्य जीवन में भी कई बार सच साबित होती है। मूर्ख व्यक्ति पहले तो ज्ञानी व्यक्ति को बातचीत के दौरान अपने स्तर पर ले आएगा और फिर अपनी मूर्खतापूर्ण बातों से ज्ञानी को हरा देगा। इस संदर्भ में एक बहुत ही रोचक कथा कही जाती है। 

एक बार की बात है। चार मेंढक एक बड़े से लट्ठे पर बैठे हुए थे। यह लट्ठा नदी में पड़ा हुआ था। तभी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और लट्ठा पानी में बहने लगा। मेंढकों को बहुत आनंद आया। यह एक अनोखी यात्रा थी। इससे पहले लट्ठे या किसी दूसरी वस्तु पर बैठकर मेंढकों ने यात्रा नहीं की थी। यह देखकर एक मेंढक ने खुशी से चिल्लाते हुए कहा कि नदी के पानी में गति होने की वजह से देखो, हम जिस लट्ठे पर बैठे हैं, वह बहा जा रहा है। 

यह सुनकर दूसरे मेंढक ने कहा कि तुम्हें मालूम ही नहीं है। गति पानी में नहीं है, गति लट्ठे में है। इसी वजह से यह लट्ठा तैरता जा रहा है। यह ठीक उसी तरह तैर रहा है जिस प्रकार तालाब या नदी में मगरमच्छ आदि तैरते हैं। यह सुनकर तीसरा मेंढक बोल उठा-तुम सब लोग पागल हो। भला पानी या लट्ठे में गति हो सकती है क्या? 

दरअसल,सच तो यह है कि हमारे विचारों में गति है जिसकी वजह से हमें लट्ठा घूमता प्रतीत होता है। यदि हमारे विचारों में गति नहीं होती, तो हमें यह लट्ठा बहता हुआ नहीं दिखता। जब मामला नहीं सुलझा, तो तीनों मेंढकों ने चौथे से पूछा। उसने कहा कि तुम सबकी बात सही है। पानी में गति है,लट्ठे में गति है, विचारों में गति है। यह सुनकर तीनों मेंढकों को गुस्सा आया। उन्होंने आपस में मिलकर चौथे मेंढक को नदी में ढकेल दिया।

हरियाणा में पांच लाख से अधिक महिलाओं के खाते में पहुंचे 21 सौ

अशोक मिश्र

महिलाएं किसी भी देश और समाज की आधारशिला होती हैं। देश या समाज में महिलाओं की स्थिति ही बताती है कि देश या समाज कितना सभ्य, सुदृढ़ और विकसित है। देश या प्रदेश की अर्थव्यवस्था की धुरी भी महिलाएं ही होती हैं क्योंकि देश या प्रदेश के कार्यबल में उनका महत्वपूर्ण योगदान होता है। हमारे देश में महिलाओं को पुरुषों से कमतर आंकने की सदियों पुरानी मानसिकता रही है। 

उन्हें काम पर रखते समय भी पुरुषों के मुकाबले में कम ही वेतन दिया जाता है, जबकि वह काम पुरुषों के बराबर ही करती हैं। यही वजह है कि कुछ प्रदेश सरकारों ने महिलाओं की आर्थिक दशा सुधारने के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं ताकि वह आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें। ऐसी ही एक योजना हरियाणा सरकार ने संचालित की है जिसको दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के नाम से जाना जाता है। 

एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की  5,22,162 महिलाओं के बैंक खातों में 109 करोड़ रुपये डाले गए हैं। प्रत्येक महिला के खाते में 21सौ रुपये आए हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,97,697 आवेदन  आए थे। जिनमें से 6,51,529 विवाहित महिलाएं और 46,168 कुंवारी हैं। अभी 1,75,179 महिलाओं के आवेदन पेंडिंग में हैं। इन महिलाओं के आवेदन पर विचार किया जा रहा है। सैनी सरकार ने घोषणा की है कि दूसरे चरण में 1.40 लाख रुपये वार्षिक आय वाली महिलाओं को शामिल किया जाएगा। वहीं 1.80 हजार आय वाली महिलाओं को तीसरे चरण में और तीन लाख तक वार्षिक आय वाली महिलाओं को चौथे चरण में शामिल किया जाएगा। एक लाख अस्सी हजार से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाली महिलाओं की अनुमानित संख्या 46 लाख 62 हजार बताई जा रही है।  

योजना के तहत परिवार पहचान पत्र की बजाय आधार कार्ड की इनकम का डेटा इस्तेमाल किया गया है। इसलिए पात्रों की संख्या तय अनुमान से कम रही है। पहले सरकार ने दावा किया था कि फैमिली आईडी के हिसाब से 19.62 लाख महिलाएं इस योजना के लाभ की पात्र हैं।  इतनी कम महिलाओं के आवेदन करने के पीछे कुछ कारण बताए जा रहे हैं। दरअसल रजिस्ट्रेशन की कड़ी शर्तों के साथ-साथ महिलाओं का एक डर इसकी प्रमुख वजह है। ये डर है पीला-गुलाबी राशन कार्ड कटने का खतरा। महिलाओं को लग रहा है कि सरकार से 2100 रुपए प्रतिमाह लेने पर उनके बीपीएल राशन कार्ड कट जाएंगे। 

इसलिए उन्होंने स्कीम के प्रति ऐसी बेरुखी दिखाई। महिलाएं पीला या गुलाबी राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं को छोड़ना नहीं चाहती हैं। यही वजह है कि उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन करना उचित नहीं समझा। सरकार इस प्रयास में है कि बाकी बची महिलाओं को भी योजना का लाभ मिले।

Saturday, November 1, 2025

संत अलवार की दयालुता

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

दक्षिण भारत में पैदा हुए अलवार तमिल भाषा के संत और कवि थे। वैसे तमिल साहित्य में 12 अलवार संतों का जिक्र मिलता है। यह सभी संत भगवान विष्णु के उपासक माने जाते हैं। तमिल साहित्य में नयनार संतों का भी जिक्र मिलता है, जो शैव उपासक माने जाते हैं। इनके आराध्य भगवान शिव थे। तमिल साहित्य में 76 नयनार संतों का जिक्र पाया जाता है। 

संतों की यह दोनों धाराएं तमिलनाडु और उसके आसपास के राज्यों में फलती फूलती रही हैं। विष्णु और शिव को आराध्य मानने वाले दोनों तरह के संत काफी उदार रहे हैं। एक बार की बात है। संत अलवार ने अपनी जरूरतों को काफी कम कर लिया था। वह बहुत कम चीजों में ही अपना काम चला लेते थे। उनकी कुटिया भी बहुत छोटी थी। उस कुटिया में केवल एक ही आदमी सो सकता था। 

बस इतनी सी जगह थी। एक रात बहुत तेज बारिश हो रही थी। संत अलवार अपनी कुटिया में लेटे हुए थे। तभी एक आदमी ने उनकी कुटिया का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने दरवाजा खोल कर बाहर देखा, तो पाया कि एक आदमी पानी से भीगा हुआ खड़ा है। उस व्यक्ति ने संत से याचना की कि बहुत तेज बारिश हो रही है। वह रास्ता भी भटक गया है, उसे रात भर के लिए झोपड़ी में रुकने की जगह मिल सकती है क्या? संत ने कहा कि मेरी कुटिया में एक आदमी सो सकता है, एक बैठ सकता है। या दोनों बैठ सकते हैं। 

थोड़ी देर बाद एक आदमी और आया। वह ठंड से कांप रहा था। संत ने उससे भी कहा कि मेरी कुटिया में तीन लोग पैठ सकते हैं, केवल एक आदमी सो सकता है। वह व्यक्ति अंदर आ गया। थोड़ी देर बात एक और आदमी ने अंदर आने की इजाजत मांगी। संत ने उसे भी अंदर बुला लिया और खुद बाहर खड़े हो गए। वह खुद बाहर जाकर खड़े हो गए। रातभर बारिश में भीगते रहे, लेकिन मेहमान को भीतर ही रखा।

हरियाणा के कई जिलों में गंभीर स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, घुटने लगी सांस

अशोक मिश्र

हमारे देश प्रदेश में विकास की रफ्तार बहुत तेज रही है। हर तरफ आलीशान इमारतें, चौड़ी-चौड़ी सड़कें और जरूरत की वस्तुओं से सजे बाजार देखने को मिल जाएंगे। ज्यादातर शहरों में सुबह शाम वाहनों की लंबी-लंबी कतारें अब तो आम बात हो गई है। इस विकास की जनता को भारी कीमत भी चुकानी पड़ रही है। वायु, जल और मृदा प्रदूषण ने जीवन को सांसत में डाल दिया है। 

हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे कई राज्य प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे हैं। हरियाणा में ही वीरवार को रोहतक और धारूहेड़ा का वायु गुणवत्ता सूचकांक देश में सबसे ज्यादा पहुंच गया था। रोहतक का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 426 और धारूहेड़ा का एक्यूआई 406 तक पहुंच गया था। यह सबसे खतरनाक स्थिति मानी जाती है। इतनी प्रदूषित में लोगों की सांस घुटने लगती है। हालात गैस चैंबर जैसे बन जाते हैं। स्वस्थ लोगों को भी कई तरह की बीमारियों का शिकार बनना पड़ता है। 

पिछले चौबीस घंटों में प्रदेश के कई शहरों की हालत काफी खराब थी। प्रदेश के नौ जिलों में एक्यूआई बहुत खराब रहा। जींद में 347, चरखी दादरी में 392, सोनीपत में 350, बहादुरगढ़ में 344, बल्लभगढ़ में 320, पानीपत में 283, मानेसर में 280, गुरुग्राम में 248 और भिवानी में 264 एक्यूआई दर्ज किया गया था। दीपावली के बाद से ही प्रदेश के कई जिलों में ऐसी स्थिति बनी हुई है। वायु प्रदूषण के चलते सरकारी और निजी अस्पतालों में सांस, हृदय और त्वचा से जुड़ी बीमारियों के मरीज काफी संख्या में आ रहे हैं। 

इन मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या बच्चों और बुजुर्गों की है। ऐसी खराब वायु का सबसे पहला अटैक बच्चों और बुजुर्गों पर ही होता है।अब तो यह हर साल की समस्या बनती जा रही है। जैसे ही ठंडक के दिन आने शुरू होते हैं, विभिन्न राज्यों की सरकारें एहतियाती कदम उठाने लगती हैं। लेकिन कोई भी सरकार स्थायी समाधान की ओर ध्यान ही नहीं दे रही हैं। जिस तरह के विकास को बढ़ावा इन दिनों विभिन्न सरकारें दे रही हैं, वह दरअसल विकास नहीं बल्कि विनाश ही है। लोगों की जरूरतें पूरी करने के लिए खेती की जमीनों पर रिहायशी कालोनियां बसाई जा रही हैं। सड़कें बनाने के लिए पेड़ काटे जा रहे हैं। यदि इन पेड़ों को काटने की प्रवृत्ति पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो हालात और भी बदतर होंगे। वन क्षेत्र को मिटाया जा रहा है। 

अब तो सरकार ने भी पांच एकड़ से कम जमीन पर उगी वनस्पतियों और पेड़-पौधों को वनक्षेत्र मानने से इनकार कर दिया है। इतना ही नहीं, लोग जागरूकता की कमी की वजह से कूड़ा-करकट, पराली और कोयला जला रहे हैं। प्रशासन हालत बदतर होने पर आदेश तो जारी करता है, लेकिन इन आदेशों पर कितना अमल हुआ, इसके देखने की फुरसत उसके पास नहीं होती है।