Monday, December 15, 2025

छाने लगा कोहरा, तेज रफ्तार गाड़ी चलाने से बचने में भलाई



अशोक मिश्र

उत्तर भारत में अब कोहरे की चादर छाने लगी है। रविवार की सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता दस मीटर से भी काफी कम रही। इसका नतीजा यह हुआ कि पूरे हरियाणा में पचास से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। अकेले रोहतक में ही अलग-अलग जगहों पर चालीस वाहन आपस में टकराए हैं। वायु प्रदूषण की वजह से दिसंबर के दूसरे पखवाड़े से लेकर पूरी जनवरी तक मौसम खराब रहता है। कभी घना कोहरा छाया रहता है, तो कभी पाला गिरने लगता है। ऐसी स्थिति में सड़कों पर वाहन चलाना काफी मुश्किल हो जाता है। 

रास्ता ठीक से दिखाई न देने की वजह से वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो जाती है। कई बार तो वाहन सड़क छोड़ देते हैं जिसकी वजह से हादसे हो जाते हैं। सड़क में किनारे चलने वाले लोग भी हादसे का शिकार हो जात्ो हैं। आमतौर पर यह भी देखने में आता है कि कोहरा और धुंध के बावजूद कुछ वाहन चालक धीमी गाड़ी चलाना अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। पिछले साल भी सर्दियों में हरियाणा में कई ऐसी घटनाएं वाहनों की तेज रफ्तार की वजह से हुई थीं। इस तरह के हादसों ने कई लोगों की जान ले ली थी। 

जब वातावरण में कोहरा और स्माग छाया हो, तो वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए। मौसम में बदलाव के दौरान धुंध के कारण कई बार छोटे-बड़े सड़क हादसे घटित होते हैं, जिन्हें केवल थोड़ी सी सावधानी से रोका जा सकता है। वे यातायात नियमों का पालन करें और पूरी सतर्कता के साथ वाहन चलाएँ। कोहरे में वाहन चलाते समय सबसे महत्वपूर्ण है कि वाहन चालक सड़क के बाएं किनारे को ध्यान में रखते हुए वाहन को नियंत्रित गति में चलाएं। कोहरे में दृश्यता कम हो जाती है, इसलिए आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखना आवश्यक है। 

चालक को चाहिए कि वह हाई बीम का प्रयोग कतई न करें, क्योंकि इससे रोशनी कोहरे में बिखर जाती है और दृश्यता और भी कम हो जाती है। इस कारण सामने से आने वाले वाहन चालक को परेशानी होती है और उसे सामने देखने में परेशानी हो सकती है। इसके स्थान पर लो बीम पर हेडलाइट रखना चाहिए जिससे आगे का रास्ता बेहतर दिखाई दे। सामने वाले वाहन चालक को भी आपकी गाड़ी स्पष्ट दिख सकेगी। 

अगर वाहन हाईवे पर चल रहा है, तो चालक को चाहिए कि वह फीली लाइन को फॉलो करे ताकि वह सड़क दिशा न भटके। यदि सामने मोड़ हो, तो चालक को बहुत पहले से ही इंटीकेशन देना चाहिए ताकि सामने से आने वाला समझ जाए कि आप भी अपनी साइड में मोड़ने वाले हैं। कोहरे के दौरान जरूरत न होने पर दूसरे वाहन को ओवरटेक करने से बचना चाहिए। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।

No comments:

Post a Comment