Showing posts with label शासक. Show all posts
Showing posts with label शासक. Show all posts

Sunday, May 18, 2025

कपड़ों से विद्वत्ता का पता नहीं चलता

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

ग्यारहवीं शताब्दी में पैदा हुए राजा भोज परमार वंश के शासक थे। उनकी राजधारी धार नगरी थी। वह स्वयं विद्वान थे और विद्वानों का बहुत आदर करते थे। जब राजा भोज ने शासन संभाला था, तो उन्होंने अपने आसपास के राजाओं को पराजित करके राज्य का काफी विस्तार कर लिया था। 

लेकिन अंतत: उन्हें चंदेल सम्राट विद्याधर वर्मन से पराजित होना पड़ा और उनकी अधीनता स्वीकार करनी पड़ी। कहते हैं कि एक बार राजा भोज ने अपनी राजधानी में एक समारोह आयोजित किया। इसमें उन्होंने अपने राज्य सहित अन्य राज्यों के विद्वानों को आमंत्रित किया। राजा भोज साल में एकाध बार ऐसे समारोह आयोजित किया करते थे। जब समारोह में विद्वानों का आना शुरू हुआ, तो राजा भोज ने सबका यथोचित आदर सत्कार किया। 

उन्होंने देखा कि एक विद्वान काफी बढ़िया वस्त्र पहनकर आया हुआ है, तो उन्होंने उस विद्वान को अपने सिंहासन के नजदीक बैठाया। समारोह सभी विद्वानों ने अपने विचार रखे। समारोह में साधारण कपड़ों में एक विद्वान ने अपने विचार रखना शुरू किया, तो सब लोग मंत्रमुग्ध होकर उसकी बात सुनने लगे। राजा काफी देर तक उसकी बात को सुनकर गुनते रहे। जब उस विद्वान ने अपनी बात समाप्त की तो राजदरबार तालियों से गूंज उठा। जब वह विद्वान जाने लगा, तो राजा भोज उसे द्वार तक छोड़ने आए। 

इस पर उनके एक दरबारी ने कहा कि जब अच्छे कपड़े पहने विद्वान आया था, तो आपने उसे अपने नजदीक बैठाया, लेकिन इसे आप द्वार तक छोड़ने आए, ऐसा क्यों? राजा ने कहा कि उसके अच्छे कपड़े देखकर उसके विद्वान होने का भ्रम हुआ था, लेकिन इस विद्वान ने जैसे ही पहला शब्द कहा, पता लग गया कि यह व्यक्ति सचमुच विद्वान है। कपड़ों से किसी की पहचान नहीं की जा सकती है।

Wednesday, April 30, 2025

राजा भोज ने सेवक की सजा माफ कर दी

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

गलती हर किसी से होती है। गलती होने पर क्षमा कर देना ही बड़प्पन है। परिवार के लोगों से भी कई बार कुछ गलतियां हो जाती हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें माफ न किया जाए। मित्र भी कई बार चाहे-अनचाहे गलती कर बैठते हैं, तो क्या उनसे दोस्ती तोड़ दी जाए। नहीं, उनको माफी देकर आगे बढ़ा जाए, यही उचित है। धारानगरी के राजा भोज और उनके सेवक के संबंध में एक बहुत ही रोचक कथा कही जाती है। 

आपको बता दें कि राजा भोज परमार वंश के शासक थे। उनकी राजधानी का नाम धारानगरी था। उनका राज्य उत्तर में चितौड़ से लेकर दक्षिण में उत्तरी कोंकण और पूर्व में विदिशा से लेकर पश्चिम में साबरमती नदी तक फैला हुआ था। राजा भोज ने अपने आसपास के राजाओं से अलग-अलग युद्ध में विजय प्राप्त की थी, लेकिन वह चंदेल सम्राट विद्याधर वर्मन से युद्ध में पराजित हो गए थे।  

वह चंदेल सम्राट के आधीन राजा होकर रह गए थे। एक बार की बात है। राजा भोज अपने राजमहल मेंभोजन कर रहे थे। भोजन एक सेवक परोस रहा था। इसी बीच खाना परोसते समय सेवक से थोड़ी सी सब्जी राजा भोज के कपड़ों पर गिर गई। राजा भोज को बहुत गुस्सा आया। उन्होंने गुस्से में उस सेवक को मृत्यु दंड की सजा सुना दी। सेवक बहुत गिड़गिड़ाया। अपने अपराध की क्षमा मांगी, लेकिन राजा भोज नहीं माने। थोड़ी देर बाद उस सेवक ने सब्जी से भरा कटोरा उठाया और राजा भोज के सिर पर पलट दिया। 

राजा भोज ने कहा कि यह क्या किया तुमने? उस सेवक ने कहा कि जब कल दूसरे लोग सुनेंगे कि मामूली गलती पर राजा भोज ने सेवक को मृत्यु दंड दिया, तो आपकी बदनाम होगी। अब सब लोग यही कहेंगे कि सेवक बदमाश था, उसे उचित सजा मिली। यह सुनकर राजा भोज ने उसकी सजा माफ कर दी।

Friday, April 11, 2025

चंदेल सम्राट के अधीन थे राजा भोज

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

राजा भोज परमार वंश के शासक थे। उनकी राजधानी का नाम धारानगरी था। कहा जाता है कि उनका राज्य उत्तर में चितौड़ से लेकर दक्षिण में उत्तरी कोंकण और पूर्व में विदिशा से लेकर पश्चिम में साबरमती नदी तक फैला हुआ था। राजा भोज ने अपने आसपास के राजाओं से अलग-अलग युद्ध में विजय प्राप्त की थी, लेकिन वह चंदेल सम्राट विद्याधर वर्मन से युद्ध में पराजित हो गए थे। 

वह चंदेल सम्राट के आधीन राजा होकर रह गए थे। राजा भोज के शासनकाल के बारे में एक किंवदंती है कि उनके राज्य में सभी लोग पढ़े लिखे थे। कोई भी अनपढ़ नहीं था। यह बात कितनी सही है, यह तो इतिहासकार ही बता सकते हैं।  उन्होंने अपने शासनकाल में प्रजा के हित में काफी कार्य किए थे। राजा भोज बहुत बड़े वीर और प्रतापी होने के साथ-साथ प्रकाण्ड पंडित और गुणग्राही भी थे। 

इन्होंने कई विषयों के अनेक ग्रंथों का निर्माण किया था।  इन ग्रंथों की चर्चा आज भी की जाती है। राजा भोज बहुत अच्छे कवि, दार्शनिक और ज्योतिषी थे। कहा जाता है कि सरस्वतीकंठाभरण, शृंगारमंजरी, चंपूरामायण, चारुचर्या, तत्वप्रकाश, व्यवहारसमुच्चय आदि अनेक ग्रंथ इन्होंने ही लिखे थे। इनके राज्य में विद्वानों का जमघट लगा रहता था। यह विद्वानों का बड़ा आदर करते थे। इनकी पत्नी का नाम लीलावती था जो बहुत बड़ी विदुषी थी। धर्मशास्त्र पर भोजदेव कृत ‘पूर्तमार्तण्ड' नामक ग्रंथ है। 

इसके अतिरिक्त उन्होंने धर्मशास्त्र सम्बन्धी और ग्रंथ भी लिखे थे, क्योंकि इसका उल्लेख अनेक सुप्रसिद्ध धर्मशास्त्र ग्रंथकारों ने अपने ग्रंथों में किया है। दक्षिण कल्याणपुर के चालुक्यवंशी प्रसिद्ध राजा विक्रमांकदेव के मंत्री भट्टविज्ञानेश्वर ने याज्ञवल्लक्य स्मृति पर मिताक्षरी व्याख्या की है। भोजदेव ने 'चाणक्य राजनीतिशास्त्र' नामक ग्रंथ भी लिखा। राजा भोज आज भी अपने ग्रंथों और विद्वता के लिए प्रसिद्ध हैं।