अशोक मिश्रकोई प्रदेश कितना समृद्ध और विकसित है, इसका पता उस प्रदेश में लगने वाले उद्योगों से चलता है। उद्योग ही अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। यह रीढ़ जितनी मजबूत होगी, उस प्रदेश में उतने ही ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित होंगे। राज्य में प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी होगी। ज्यादा से ज्यादा उद्योगों के लगने से लोग खुशहाल होंगे।
अगर किसी राज्य को उद्योग लगाने वाले पूंजीपतियों और उद्यमियों को अपनी ओर आकर्षित करना है, तो उसे सबसे पहले अपने यहां सड़कों का बेहतरीन जाल बिछाना होगा। अच्छी क्वालिटी की सड़कें व्यापार और उद्योगों के लिए बहुत अधिक सहायक साबित होती हैं। सड़कें अच्छी होने से उत्पादित माल को जल्दी और सुरक्षित रूप से एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचाया जा सकता है।
बीते दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में इन्हीं सब मुद्दों को लेकर देश-विदेश के उद्योगपतियों से काफी विस्तार से बातचीत की। बातचीत के दौरान सीएम सैनी ने उद्योगपतियों से बस यही अनुरोध किया कि वह हरियाणा में उद्योग लगाकर अंतरराष्ट्रीय मानकों से भी बेहतर उत्पाद बनाएं। भारतीय उत्पादों की ग्लोबल मार्केट में धूम मचनी चाहिए। कंपनियां ऐसे उत्पाद बनाए कि मेक इन इंडिया का मतलब बेहतर गुणवत्ता हो। दरअसल, सैनी सरकार आटो, मैन्यूफैक्चरिंग, इलेक्ट्रानिक्स और अन्य सेक्टरों से जुड़े उद्योगपतियों से मुलाकात की थी।
उन्होंने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों से नई औद्योगिक नीति के लिए सुझाव भी मांगे थे। सीएम सैनी ने उद्योगपतियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि औद्योगिक निवेश के लिए हरियाणा सबसे बेहतरीन राज्य है। आज चाहे उद्योगों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात हो, चाहे सड़क कनेक्टिविटी की बात हो या मूलभूत सुविधाओं की बात हो, हर क्षेत्र में हरियाणा अव्वल है। औद्योगिक क्षेत्र के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से कागजी कार्यवाही को संपन्न किया जा रहा है।
हरियाणा में उद्योगों के लिए बेहतरीन इको सिस्टम है, तभी देश की बड़ी बड़ी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की पहली पसंद हरियाणा है। हरियाणा जल्द ही अपनी नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लेकर आ रहा है, उसे लेकर उद्योगपतियों से सीधा संवाद हो रहा है। इससे इस पॉलिसी को और बेहतर बनाया जाएगा ताकि उद्योग ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सके और प्रदेश अधिक तरक्की कर सके।
यह सच है कि यदि हरियाणा में उद्योग लगाने की मुहिम में सैनी सरकार सफल हो जाती है, तो 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में हरियाणा के उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। इसी वजह से हरियाणा सरकार ने अपना विजन डॉक्यूमेंट पेश किया है। प्रदेश में औद्योगिक विकास होगा तो इससे प्रदेश की ग्रोथ भी बढ़ेगी और लोगों को अधिक से अधिक रोजगार भी मिलेगा।

No comments:
Post a Comment