Sunday, October 19, 2025

किसानों, गरीबों और महिलाओं की हितचिंतक सैनी सरकार

अशोक मिश्र

हरियाणा की सैनी सरकार ने एक साल पूरे कर लिए हैं। अभी दो दिन पहले राज्य सरकार ने एक साल में पूरे किए गए 64 संकल्पों यानी वायदों की सूची भी जारी की है। एक तरह से इस सूची के माध्यम से सैनी सरकार ने अपने एक साल का हिसाब-किताब पेश किया है। सूची में यह भी बताया गया था कि लगभग साठ वायदों पर काम तेजी से चल रहा है। इन वायदों के भी बहुत जल्दी पूरे हो जाने की संभावना है। 

सरकार का दावा है कि उसने पिछले एक साल में किसानों की आय को बढ़ाने वाली नीतियों पर विशेष ध्यान दिया है। सैनी सरकार अपने आपको किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध बता रही है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही बुढ़ापा पेंशन में दो सौ रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है। अब बुजुर्गों को पेंशन के रूप में 32 सौ रुपये मिलेंगे। सरकार का कहना है कि वह देश में सबसे ज्यादा राशि बुढ़ापा पेंशन में दे रही है। जहां तक किसानों की बात है, यह सही है कि प्रदेश में किसानों की 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है। इसके चलते किसानों को अपनी उपज का वाजिब दाम मिल रहा है। फसल बेचने के दो दिन बाद ही किसानों के खाते में उनके पैसे आ जाते हैं। 

पिछले 11 फसल सीजन में 12 लाख किसानों के खाते में 1.54 लाख करोड़ रुपये डाले गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश सरकार किस तरह किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सुविधाएं प्रदान करने की कोशिश कर रही है। प्रदेश सरकार ने वंचित रह गई अनुसूचित जातियों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में भी काफी सराहनीय कार्य किया है। सरकार के ही प्रयास से सरकारी नौकरियों, पंचायत और स्थानीय चुनावों में भागीदारी सुनिश्चित की जा सकी है। 

पिछड़ा वर्ग बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण सैनी सरकार ने प्रदान किया है। सरपंच पद पर पांच प्रतिशत और अन्य पदों पर जनसंख्या का पचास प्रतिशत आरक्षण देना, सबसे बड़ा काम है। शुक्रवार को ही गरीबों को सौ-सौ गज के 8029 प्लाट वितरित किए गए हैं। किसी भी व्यक्ति यह सपना होता है कि उसका भी एक घर हो। वह अपने घर को अपनी मनमर्जी के मुताबिक सजाए, अपने हिसाब से उसमें रहे। यह सौभाग्य हासिल करने में कम से कम गरीब लोग कम ही सफल होते हैं। 

ऐसी स्थिति में यदि सस्ते दाम पर कोई सरकार गरीबों को प्लाट या मकान दिला दे, तो इससे बढ़कर सराहनीय कार्य और क्या हो सकता है। पिछले एक साल में विभिन्न आवास योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के 77 हजार से अधिक परिवारों को यह लाभ दिया गया है। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार नारी शक्ति को मजबूत करने जा रही है। लक्ष्मी योजना से महिलाएं स्वावलंबन की ओर अग्रसर होंगी।

No comments:

Post a Comment