मई दिवस पर विशेष
अशोक मिश्र
पूंजीवाद के उदय-विकास का आधार मजदुर वर्ग का निर्मम और निरंकुश रक्त शोषण ही रहा है, तभी तो इसके आरंभिक चरण में सूर्योदय से सूर्यास्त तक मजदूरों से काम लिया जाता था। तब चूंकि मशीनों का विकास भी अपने आरंभिक चरण काल में था। अतएव पूंजीपति वर्ग के लिए मजदूरों के आवश्यक श्रम काल को कम करने और अतिरिक्त श्रम काल को लंबा करने के लिए कार्य दिवस को ही लंबा खींचना सबके कारगर तरीका था। यही वजह है कि पूंजीपति वर्ग मजदूरों को मशीनों का ही एक पुर्जा मानकर उनसे 17-18 घंटे तक काम लेता था। इससे कम घंटे काम करने पर मजदूरों को कई तरह की शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाती थीं। कई देशों में तो मजदूरों की हालत और भी खराब थी। उन्हें इंसान समझा ही नहीं जाता था। उनसे 20 घंटे काम लिया जाता था।उन्नीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक चरण काल में अमेरिका के मजदूर इसके खिलाफ आवाज उठाने लगे। असंतुष्ट मजदूरों ने अपना संगठन भी बनाना शुरू किया, ताकि पूंजीपतियों के खिलाफ संघर्ष तेज किया जा सके। 1820 से 1840 के बीच काम के घंटे कम कराने की मांग को लेकर लगातार हड़तालें हुईं। ये हड़तालें अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाईं, क्योंकि एक तो उनका संगठन मजबूत नहीं था और दूसरे उनमें वर्गीय चेतना का अभाव था। इस कमी को पूरा करने के लिए 1827 में सर्वप्रथम अमेरिका के औद्योगिक केंद्र फिलाडेल्फिया में मेकैनिकों की यूनियन का गठन गृह निर्माण उद्योग के मजदूरों की हड़ताल से हुई थी।
बाद में 1837 में पूरी दुनिया में पैदा हुए आर्थिक संकट की वजह से अमेरिकी सरकार दस घंटे का श्रम दिवस लागू करने पर विवश अवश्य हुई, परंतु कुछ ही स्थानों पर यह लागू हो सका। तो मजदूर आंदोलन पुन: तेज होने लगे। तब मजदूर संगठनों की आपसी सहमति से यह तय किया गया कि मजदूरों को काम के घंटे दस की बजाय आठ करने की मांग करनी चाहिए। यह मांग 1857 में काफी जोर पकड़ने लगी। पूरी दुनिया में इस मांग को मजदूरों का समर्थन मिलने लगा। अमेरिका से बाहर भी इस मांग को लेकर हड़तालें होने लगीं। यहां तक कि उस समय के सबसे पिछड़े देश आस्ट्रेलिया में मजदूरों ने 'आठ घंटा काम, आठ घंटा आराम और आठ घंटा मनोरंजन' का नारा बुलंद किया। इसी क्रम में अमेरिका में गृहयुद्ध के बाद 1866 में 20 अगस्त को 60 मजदूर ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने वाल्टिक मोर में एकत्र होकर नेशनल लेबर यूनियन गठित किया। इसके क्रांतिकारी नेता विलियम एच. सिलविश प्रथम अंतरराष्ट्रीय (जिसका नेतृत्व स्वयं कार्ल मार्क्स और एंगेल्स कर रहे थे) के साथ संबंध कायम कर अंतरराष्ट्रीय वर्गीय एकता कायम करने के प्रयासों में लग गए। सन 1869 में ही नेशनल लेबर यूनियन ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर आंदोलन के साथ सहयोग करने का प्रस्ताव किया।
मालूम हो कि सितबंर 1866 में प्रथम अंतरराष्ट्रीय की जेनेवा कांग्रेस ने अपने एक पारित प्रस्ताव में कहा था कि काम का समय कानून के जरिये सीमाबद्ध करना एक प्राथमिक व्यवस्था है। इस तरह देखते-देखते आठ घंटे का आंदोलन एटलांटिक महासागर से प्रशांत महासागर तक और न्यू इंग्लैंड से कैलिफोर्निया तक फैल गया। तभी तो द्वितीय अंतरराष्ट्रीय की प्रथम कांग्रेस पेरिस में पहली मई 1886 को विशेष दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया गया। इससे पूर्व अमेरिकन फेडरेशन आफ लेबर ने सन 1884 के सात अक्टूबर को एक प्रस्ताव पास कर 1886 की पहली मई से दैनिक आठ घंटे काम का दिन वैध मानने का प्रस्ताव पास किया था।
इतिहास बताता है कि पहली मई 1886 को अमेरिका के शिकागो शहर में दुनिया भर से मजदूर आकर जमा हुए थे। अमेरिकी सरकार ने मजदूरों को सबक सिखाने के लिए उन पर गोलियां चलवाईं। कहते हैं कि इस गोलीबारी में लगभग एक लाख मजदूर शहीद हुए थे। शांति का प्रतीक मजदूरों का सफेद झंडा उनके ही खून से लाल हो गया। तभी से मजदूरों और मजदूर संगठनों ने अपने झंडे का रंग भी लाल कर दिया। शिकागों में शहीद हुए मजदूरों की शहादत रंग लाई और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक समीकरणों के चलते सारे संसार में क्रमश: आठ घंटे का श्रम समय लागू किया गया।

No comments:
Post a Comment