Friday, May 1, 2026

क्रेडिट कार्ड के जाल में फंसकर अपना जीवन गंवा रहे नौनिहाल


अशोक मिश्र

आज पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था का स्वरूप बदल चुका है। नकदी की जगह प्लास्टिक मनी ने लिया है। लोगों को अब जेब में नकदी लेकर चलने की जरूरत भी नहीं रह गई है। यदि आपके पास डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड है, तो  आपको नकदी की फिक्र करने की आवश्यकता नहीं है। शहरों और कस्बों में लगे एटीएम या फिर आनलाइन कुछ भी खरीद सकते हैं। 

इस प्लास्टिक मनी ने कई तरह की समस्याएं भी पैदा की हैं। इसने लोगों को फिजूलखर्च भी बना दिया है। पहले लोग नकदी को खर्च करने से पहले दस बार सोचते थे, खर्चे का हिसाब-किताब लगाते थे और उसके बाद काफी सोच समझकर खरीदारी करते थे, लेकिन जब से क्रेडिट कार्ड ने अपने पैर फैलाए हैं, तब से खरीदारी की कोई लिमिट ही नहीं रही। लोग बिना कुछ सोचे समझे  अनलिमिटेड खरीदारी कर रहे हैं, पैसा उड़ा रहे हैं। 

इसी का खामियाजा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के कुछ छात्रों ने भुगता है। सट्टेबाजी और अनलिमिटेड कर्ज ने एनआईटी के चार छात्रों की जान ले ली है। राज्य महिला आयोग ने खुलासा किया है कि आत्महत्या करके अपनी जान देने वाले छात्रों पर क्रेडिट कार्ड के सत्तर हजार रुपये से ज्यादा के कर्ज थे। इस कर्ज को चुकाने के लिए उन्हें दूसरे लोगों से कर्ज लेना पड़ता था। 

इस पर भी 36 प्रतिशत ब्याज भी देना पड़ता है। राज्य महिला आयोग का यह भी कहना है कि एनआईटी परिसर में जितने भी क्रेडिट कार्ड बनाए गए हैं, उसको बनाते समय अभिभावकों की इजाजत नहीं ली गई है। हाल में ही एनआईटी में आत्महत्या करने वाले चारों छात्रों के अभिभावकों का यही कहना है कि उनके बच्चों की मौत के पीछे क्रेडिट कार्ड ही है। एक अभिभावक ने कहा कि उन्होंने कुछ दिनों पहले क्रेडिट कार्ड का कर्ज चुकाने के लिए तीन किस्तों में 75 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली। यह सच है कि लगभग सभी बैंक क्रेडिट कार्ड जारी करते हैं। 

इस क्रेडिट कार्ड से आप बैंक खाते में पैसा न होते हुए भी मनचाही रकम खर्च कर सकते हैं। एक निश्चि अवधि तक इस खर्च की गई रकम पर कोई ब्याज नहीं देना पड़ता है, लेकिन जैसे ही वह निश्चित अवधि बीतती है, बैंक वाले अपनी मनमाफिक ब्याज वसूलते हैं। कई बार तो ब्जाय की रकम ही मूल रकम से दोगुनी-तीनगुनी हो जाती है। एक बार जो क्रेडिट कार्ड के जाल में फंस जाता है, वह मकड़ी के जाले में फंसे जीव की तरह छटपटा तो सकता है, लेकिन उससे निकल नहीं सकता है। 

क्रेडिट कार्ड उन परिवारों के लिए एक मुसीबत साबित हो रहा है जो किसी तरह अपने खर्चों को सीमित करके अपने बेटा-बेटियों को ऐसे संस्थानों में पढ़ने के लिए भेजते हैं। नए माहौल में आने के बाद बच्चों के कदम बहक जाते हैं और वह सट्टेबाजी के साथ-साथ कई तरह के दुर्व्यसनों में लिप्त हो जाते हैं जिसका खामियाजा पूरा परिवार भोगता है।

No comments:

Post a Comment