Friday, May 1, 2026

सोशल मीडिया पर नीम-हकीम खतरा-ए-जान

30 अप्रैल को प्रभात खबर के संपादकीय पेज पर प्रकाशित

अशोक मिश्र

हमारे देश में अब डॉक्टरों की जरूरत ही नहीं रही। सोशल मीडिया पर एक से बढ़कर डॉक्टर मौजूद हैं। एक वीडियो में बाबा टाइप के एक योगी ने कहा कि दिन में दस-दस मिनट तक पांच छह बार अपने हाथ की पांचों अंगुलियों के नाखूनों को आपस में रगड़ो, डायबिटीज बीस दिन में छूमंतर हो जाएगी। सुबह सूर्योदय से पहले पांच मिनट तक नाखूनों को एक दूसरे से रगड़ने पर ब्लड प्रेशर नार्मल हो जाता है, भले ही ब्लड प्रेशर कितना पुराना हो। अगर किसी माता-बहन का पीरियड अनियमित हो, ज्यादा पीड़ा होती हो, तो बस दिन में तीन बार नाखूनों को आपस में रगड़ो, न केवल पीरियड नियमित हो जाएगा, अगर बाल सफेद हो रहे हों, तो बाल भी पांचवें हफ्ते से काले होने शुरू हो जाएंगे।

बस, फिर क्या था? देश के लोग जुट गए सुबह-शाम, दोपहर-रात नाखून रगड़ने में। ट्रेन, मेट्रो, आफिस, घर, मैदान, जहां भी देखो, लोग नाखून रगड़ रहे हैं। मानो, नाखून रगड़ना राष्ट्रीय कर्म घोषित कर दिया गया हो। प्रेमी-प्रेमिका और पति-पत्नी प्रेम करने की जगह बैठे नाखून रगड़ रहे हैं। क्लास में टीचर पढ़ाने की जगह खुद तो नाखून रगड़ ही रहे हैं, बच्चों से भी नाखून रगड़वा रही हैं। पांच-सात साल की बच्चियां नाखून रगड़ रही हैं। भला, इन बच्चियों को अभी पीरियड से क्या लेना देना, लेकिन नहीं, नाखून रगड़ रही हैं, तो रगड़ रही हैं, उनका कोई क्या बिगाड़ सकता है।

आज आफिस पहुंचा, तो मेरा एक साथी पिलपिलाए हुए पपीते की तरह मुंह लटकाए बैठा हुआ था। मैंने उससे पूछा, क्या हुआ? तुम्हारा मुंह क्यों लटका हुआ है, मानो कोई तुम्हारी भैंस खोल ले गया हो। उसने अपना दायां हाथ दिखाया जिसकी तीन अंगुलियों में पट्टी बंधी हुई थी। मैंने पूछा, यह क्या हुआ? 

उसने कहा, सर जी! एक बाबा के कहने पर मैं चार महीने से अपने दोनों हाथ की अंगुलियों को आपस में रगड़ रहा था। रगड़ते-रगड़ते नाखून इतने घिस गए कि चमड़ी दिखने लगी। डायबिटीज कम करने के चक्कर में नाखून तो गंवा ही बैठा, अब चमड़ी से खून आने लगा है। सारी अंगुलियां सूज गई हैं। डॉक्टर ने सभी अंगुलियों पर दवा लगाकर पट्टी बांध दी है। सर, मैं आज कोई खबर नहीं लिख पाऊंगा। मेरी पत्नी और बेटी की भी लगभग यही दशा है।

मुझे अपने साथी की बात सुनकर बहुत गुस्सा आया। लेकिन क्या करता? गुस्से पर काबू रखते हुए कहा, तुम तो पत्रकार हो, तुम्हें यह बात समझ में नहीं आई कि ऐसा करने से डायबिटीज कैसे ठीक हो जाएगा? साथी ने कहा कि बाबा ने कहा था कि नाखून के घर्षण से जो ऊष्मा पैदा होगी, वह धीरे-धीरे रक्त में प्रवेश करेगी, रक्त के जरिये अग्न्याशय में इंसुलिन बनने लगेगी। मैंने चीखते हुए कहा, तुम अहमक हो। अबे, नाखून रगड़ने से डायबिटीज, बीपी, किडनी, लिवर के रोग ठीक हो जाते, तो सारी दुनिया के डॉक्टर कटोरा लेकर भीख मांगते या नाखून रगड़ने की ट्रेनिंग सेंटर खोल लेते। तुम्हारे जैसे न जाने कितने बेवकूफ बाबाओं और स्वामियों के कहने पर लौकी का जूस पीकर अपनी किडनी और लीवर से हाथ धो बैठे हैं। सुबह, शाम, दोपहर जग भरकर करेले का जूस पीकर दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। इतना कहकर मैं बड़बड़ाता हुआ अपनी सीट पर जाकर बैठ गया।


No comments:

Post a Comment