बोधिवृक्ष
अशोक मिश्र
महात्मा बुद्ध ने आजीवन लोगों को सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह का ही संदेश दिया। उनका कहना था कि आपके पास जितना है, उतने में ही संतोष करो। सत्य बोलने वाले से बढ़कर कोई साहसी नहीं होता है। सत्य बोलना बड़े साहस का काम है। सत्य बोलने वाला ही अहिंसा का मर्म समझ सकता है।महात्मा बुद्ध की बातों का प्रभाव लोगों को बहुत पड़ता था क्योंकि वह आम लोगों की भाषा में आम जनजीवन से ही उदाहरण दिया करते थे। एक बार की बात है। वह किसी जगह प्रवचन दे रहे थे। उनका प्रवचन रोज होता था। करीब महीने भर हो गए थे उस स्थान पर प्रवचन देते हुए।
एक दिन एक व्यक्ति ने महात्मा बुद्ध से प्रवचन के बाद कहा कि तथागत! मेरे मन में एक जिज्ञासा है। आपका आदेश हो, तो मैं अपनी जिज्ञासा प्रकट करूं। उसकी बात सुनकर गौतम बुद्ध ने कहा कि हां क्यों नहीं। तुम अपनी जिज्ञासा प्रकट कर सकते हो। बताओ क्या प्रश्न है। उस व्यक्ति ने कहा कि मैंने आपका उपदेश लगभग एक महीने तक सुना। मुझ पर उसका कोई विशेष असर पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है।
उस आदमी की बात सुनकर महात्मा बुद्ध ने कहा कि यह बताओ, तुम कहां रहते हो? उस व्यक्ति ने बताया कि वह श्रावस्ती में रहता है। तथागत ने पूछा कि यह बताओ, तुम श्रावस्ती कैसे जाते हो? उस व्यक्ति ने कहा कि कभी पैदल, तो कभी घोड़े पर आता जाता हूं। बुद्ध ने कहा कि क्या तुम यहां बैठे-बैठे श्रावस्ती पहुंच सकते हो? उस व्यक्ति ने कहा कि बिना चले कोई कैसे श्रावस्ती पहुंच सकता है।
तब बुद्ध बोले, मेरी बातों को अमल में लाए बिना तुम जीवन में क्या हासिल कर सकते हो? अच्छी बातों को जब तक जीवन में उतारा न जाए, वह बेकार ही रहता है। उस व्यक्ति ने महात्मा बुद्ध से कहा, भंते! मैं समझ गया कि आप मुझे क्या समझाना चाहते हैं।

No comments:
Post a Comment