Monday, June 8, 2026

ढोंगी बाबाओं और तांत्रिकों से बचकर रहने की जरूरत

अशोक मिश्र

विज्ञान ने सदियों पुराने कई अंध विश्वासों को गलत साबित कर दिया है। जैसे-जैसे विज्ञान उन्नत होता जा रहा है, लोगों में जागरूकता आने लगी है। इसके बावजूद ऐसे लोग काफी संख्या में मौजूद हैं जो जीवन में विज्ञान की उपलब्धियों का लाभ तो उठाते हैं, लेकिन जैसे ही परिवार पर कोई संकट आता है, वह विज्ञान पर भरोसा करने की जगह तंत्र-मंत्र, तांत्रिकों और ढोंगी बाबाओं पर भरोसा करते हैं। 

समस्या का निदान वैज्ञानिक तरीके से खोजने की जगह अंध विश्वास में फंस जाते हैं। कुछ ही दिन पहले भरतपुर राजस्थान में रहने वाली एक महिला ने रिश्ते में देवर लगने वाले दो युवकों पर तांत्रिक क्रिया करवाने के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस को अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि उसके परिवार में आए दिन कोई न कोई बीमार रहता था। वह काफी परेशान थी। 

इसी दौरान रिश्ते में देवर लगने वाले पड़ोसी ने उसे तांत्रिक क्रिया करवाने का सुझाव दिया। उसने कहा कि तांत्रिक क्रिया करवाने के बाद परिवार पर आने वाला संकट खत्म हो जाएगा। उसके कहने पर वह पलवल आई और तांत्रिक ने झाड़-फूंक की। इस दौरान वह सुधबुध खो बैठी। इसके बाद वह उसे होटल में ले गया, जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। हरियाणा में ही नहीं, देश के कई राज्यों में लोग झाड़-फूंक, टोना-टोटका जैसे अंधविश्वास के चलते यौन शोषण या आर्थिक शोषण का शिकार होते हैं। लगभग तीन साल पहले जनवरी 2023 में फतेहाबाद के टोहाना में स्वघोषित बाबा अमरपुरी उर्फ बिल्लू राम या जलेबी बाबा ने तंत्र-मंत्र का जाल बिछाकर सौ से अधिक महिलाओं का यौन शोषण किया था। 

उसके पास से 120 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप बरामद किए गए थे। जलेबी बाबा महिलाओं को नशीला पदार्थ खिलाकर उनके अश्लील वीडियो बना लेता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर बार-बार दुष्कर्म करता था। जनवरी 2023 में कोर्ट ने उसे दोषी करार देते हुए 14 साल की सजा सुनाई थी। मई 2024 में जेल में बंद रहने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उसकी मृत्यु हो गई। जनवरी 2026 में पानीपत की एक महिला अपने बीमार बेटे का संकट कटवाने के लिए एक तांत्रिक के पास गई थी। 

तांत्रिक ने महिला को अपनी बातों में फंसाया, नशीला प्रसाद खिलाया और उसे बंधक बनाकर लगातार कई दिनों तक दुष्कर्म किया। पानीपत पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार किया। यह घटनाएं तो उस समाज की बानगी है जो पूरी तरह अंधविश्वास के जाल में फंसा हुआ है। लोग शारीरिक समस्याओं के लिए चिकित्सक के पास न जाकर ढोंगी तांत्रिकों और बाबाओं के पास जाते हैं। इनके अंध विश्वास का ऐसे लोग फायदा उठाते हैं। ढोंगी बाबाओं और तांत्रिकों से लोगों को बचकर रहना चाहिए।

No comments:

Post a Comment