अशोक मिश्रपंद्रह अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में हरियाणा बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज हरियाणा देश का सबसे पसंदीदा औद्योगिक और निवेश गंतव्य बन गया है। सरकार की उद्योग मित्र नीतियों, पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण देश-विदेश की बड़ी कंपनियां हरियाणा में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं।
इससे प्रदेश में न केवल बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं बल्कि हमारे युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर भी पैदा हो रहे हैं, जो विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल फैक्ट्रियां और सड़कें बनाना ही नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति का विकास है। इसी सोच के साथ प्रदेश में शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाया जा रहा है, बेटियों के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा रही है, वहीं हर जिले में खेल स्टेडियम और प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से हरियाणा को खेलों की राजधानी के रूप में और मजबूत किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हर जिले में मेडिकल कॉलेज और बेहतर अस्पतालों की सुविधा आम आदमी तक पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सिर्फ आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है। विकसित भारत की परिकल्पना तभी पूरी होगी जब हर नागरिक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त होगा। इस विकास यात्रा में सबसे बड़ी नई दिशा महिला सशक्तिकरण को मिली है। सरकार ने महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं बल्कि विकास की भागीदार बनाया है।
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, लाडो लक्ष्मी जैसी योजनाओं से बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया जा रहा है और सरकारी नौकरियों व पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर उन्हें निर्णय लेने की शक्ति दी जा रही है। आज हरियाणा की महिला खेत से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बना रही है। हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं। उनकी सफलता अन्य बेटियों को भी आगे बढ़कर कुछ कर गुजरने की प्रेरणा दे रही है।
साथ ही प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में भी कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी समृद्धि के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। फसलों का समय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उठान, खराब फसलों का तुरंत मुआवजा, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा और नहरों व ट्यूबवेलों के माध्यम से हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जब किसान खुशहाल होगा, महिला सशक्त होगी, युवा शिक्षित और स्वस्थ होगा तभी हरियाणा सही मायने में विकसित भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर तेजी से आगे बढ़ेगा।
No comments:
Post a Comment