Thursday, August 20, 2026

अर्थवसु! तुम सच्चे अर्थों में अपरिग्रही निकले

बोधिवृक्ष

 अशोक मिश्र

राजगृह में रहने वाले अर्थवसु बहुत ही धनी थे। उनका व्यापार बहुत दूर-दूर तक फैला हुआ था। वह बहुत ही कृपण व्यक्ति माने जाते थे। उन्हें किसी ने कभी किसी को दान करते हुए नहीं देखा था। एक दिन पुत्र विडाल ने घर आकर अपने पिता अर्थवसु से उलाहना दिया। विडाल ने कहा, तात! हमारे विद्यालय के सहपाठी कहते हैं कि तुम इतने साधारण वस्त्र पहनते हो, तुम्हें अर्थवसु का पुत्र कौन कहेगा। राजगृह के सबसे धनी व्यापारी का पुत्र इतने साधारण वस्त्र पहनता है। आर्य हमारी महत्वाकांक्षाओं का अनादर क्यों करते हैं। 


तभी ज्येष्ठ पुत्र-वधु तिर्यग आ पहुंची। उसने कहा कि विडाल सच कहते हैं आर्य श्रेष्ठ। आज सावित्री वट पूजा के समय ग्राम्य ललनाओं ने मुझसे जो बात कही, उसको सुनकर मेरा अंत:करण रो रहा है। तुम्हारे श्वसुर इतने धनाढ्य हैं कि वह तुम्हें नख शिख स्वर्णाभूषणों से लाद सकते हैं, लेकिन सावित्री पूजा के समय भी तुम्हें वस्त्र सामान्य युवती की ही तरह हैं। अर्थवसु अपने पुत्र और पुत्र-वधु की बात सुनकर भी चुप रहे। 


कुछ वर्ष बीते। वर्षा ने तो जैसे राजगृह से मुंह मोड़ लिया। अकाल पड़ गया। अर्थवसु ने इस संकट में अपने अनाज गृह और कोष का मुंह खोल दिया। जब तक वर्ष नहीं हुई, राजगृह में अर्थवसु ने किसी को भूखा नहीं सोने दिया। लोग आश्चर्यचकित हो उठे। महात्मा बुद्ध ने यह सुना तो वह गदगद हो उठे। वह अर्थवसु के दर्शन को लालायित हो उठे।


 बुद्ध जब वहां पहुंचे, तो तिर्यग ने अपने वृद्ध श्वसुर को आवाज दी, आर्य श्रेष्ठ, उठिए। तथागत आज आपके द्वार पर आए हैं। अर्थवसु ने अपनी आंखें खोली। तथागत की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि अर्थवसु! तुम सच्चे अर्थों में अपरिग्रही निकले। तुमने सारे राजगृह की रक्षा की। यह सुनकर अर्थवसु की बूढ़ी आंखों में चमक आई और उसकी आत्मा ने शरीर त्याग दिया।

No comments:

Post a Comment