Wednesday, August 19, 2026

अम्म जीवे जीवंती तुम कहां हो?

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

उब्बिरी का जन्म श्रावस्ती के कुलीन राजवंश में हुआ था। वह अप्रतिम सुंदरी थी। जो भी उसे देखता, वह मंत्रमुग्ध होकर बस देखता ही रह जाता था। जब वह पूर्ण युवती हुई तो उसका विवाह कौशल नरेश के साथ हुआ। कौशल नरेश उब्बिरी को पाकर अपने को धन्य महसूस करने लगे। 

अभी उसे कौशलपुर के अंत:पुर में आए एक वर्ष ही हुआ था कि वह गर्भवती हो गई। उसके गर्भवती होने की खबर पाकर प्रजा में अपार हर्ष हुआ। समय आने पर उनसे एक कन्या को जन्म दिया जिसका नाम रखा गया जीवंती। जब जीवंती एक वर्ष की हुई, तो उसने अपनी चपलता और सुंदरता से राजपरिवार का मन मोह लिया। कौशल नरेश ने उब्बिरी को राजमहिषी की पदवी प्रदान की और भव्य शोभायात्रा निकाली। 

कहते हैं कि सौभाग्य के साथ-साथ कभी कभी दुर्भाग्य भी आता है। एक वर्ष की जीवंती की अचानक मृत्यु हो गई। महारानी उब्बिरी पुत्री के शोक में विक्षिप्त हो गई। वह श्मशान घाट पर विलाप करती, अम्म जीवे जीवंती तुम कहां हो? उब्बिरी ने राजमहल छोड़ दिया। शोक विह्वल क्षत-विक्षत देह लिए वह श्मशानघाट में चिल्लाती रहती। संयोग से उधर से एक दिन महात्मा बुद्ध निकले। वह उब्बिरी की करुण कथा से परिचित थे। 

वह श्मशानघाट पहुंचे और उब्बिरी से बोले, पुत्री! तुम बता सकती हो, इस श्मशानघाट में कितने लोगों का दाह संस्कार हुआ है। उसने कहा, नहीं देव! तथागत ने कहा, अगर तुम्हारी तरह सभी लोग शोक विह्वल हो जाएं तो सृष्टि कैसे चलेगी?  अच्छा बताओ, जीवंती के आत्म तत्व को तुम खोज सकती हो? उब्बिरी ने कहा, नहीं देव नहीं। तथागत बोले, तो उठो, आत्म तत्व को खोजने का प्रयास करो। यह सुनकर उब्बिरी की आंख खुल गई। वह मोह माया त्यागकर आत्म साधना में निरत हो गई और पूर्णता प्राप्त करके ही लौटी।

No comments:

Post a Comment