Wednesday, January 14, 2026

ओह डायमंड, यह तुमने क्या किया?


बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

सत्रहवीं सदी के महान भौतिक विज्ञानी आइजैक न्यूटन का जन्म 4 जनवरी 1643 को इंग्लैंड में हुआ था। आइजैक न्यूटनके पैदा होने से तीन महीने पहले ही उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। उनके पिता का नाम भी आइजैक था। न्यूटन समय से पूर्व पैदा हुए थे। उनकी मां कहा करती थीं कि जब आईजैक न्यूटन पैदा हुआ था, तो वह एक छोटे से मग में समा सकता था। 

पिता की मृत्यु के कुछ साल बाद उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी और न्यूटन का पालन पोषण उनकी नानी ने किया था। दूसरी शादी कर लेने की वजह से वह अपनी मां और सौतेले पिता से नफरत करते थे। जीवन भर उनका अपने सौतेले पिता और मां के साथ संबंध सामान्य नहीं हो पाए थे। न्यूटन की सबसे बड़ी खोज गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत और गति के तीन नियम थे जिसकी वजह से भौतिकी के क्षेत्र में बहुत अधिक प्रगति हुई। 

एक बार की बात है। वह किसी विषय पर बीस साल से रिसर्च कर रहे थे। उनका पालतू कुत्ता था डायमंड। उसे वह बहुत प्यार करते थे। एक दिन वह किसी काम से घर के बाहर गए हुए थे। मेज पर रिसर्च पेपर रखा हुआ था और उस पर लैंप जल रहा था। डायमंड मेज पर कूदा तो लैंप पलट गया। लैंप में भरा हुआ मिट्टी का तेल चारों ओर बिखर गया। इससे मेज पर आग लग गई। 

इस आग में मेज पर ही रखा हुआ रिसर्च पेपर भी जल गया। जब न्यूटन वापस लौटे तो उन्हें रिसर्च पेपर जलने का बहुत दुख हुआ। क्रोध भी आया, लेकिन कुछ समय बात उन्होंने डायमंड को अपने पास बुलाकर थपथपाते हुए कहा, ओह डायमंड, यह तुमने क्या किया? इसके बाद उन्होंने अपनी स्मृति के आधार पर कई साल में रिसर्च पेपर फिर तैयार कर लिया।

No comments:

Post a Comment