Wednesday, January 28, 2026

विकास के पथ पर उत्तरोत्तर बढ़ता जा रहा हरियाणा


अशोक मिश्र

हरियाणा धीरे-धीरे प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हरियाणा उत्तरोत्तर विकास कर रहा है। यह विकास अब दिखाई भी देने लगा है। किसानों से लेकर निम्न आय वर्ग के लोगों की आय में बढ़ोतरी होने लगी है। विभिन्न सरकारी योजनाओं ने प्रदेश के कायाकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कहना है कि  हरियाणा समृद्धि की नई परिभाषा लिख रहा है। 

वैसे यह बात सही है कि जब कोई राज्य आर्थिक रूप से समृद्ध होता है, तो वह अपने राज्य की ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देता है। राज्यों की मजबूत अर्थव्यवस्थाएं ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाती हैं। हरियाणा कहने को देश के कुल क्षेत्रफल का 1.34 प्रतिशत हिस्सा है और जनसंख्या के मामले में 2.09 प्रतिशत भागीदार है। लेकिन जहां बात आर्थिक भागीदारी की आती है, देश की जीडीपी में 3.7 प्रतिशत हिस्सेदारी हरियाणा की है। यह भागीदारी बताती है कि प्रदेश धीरे-धीरे समृद्धि की ओर बढ़ता जा रहा है। 

यही नहीं, हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय 3.53 लाख रुपये है। हरियाणा जितनी प्रति व्यक्ति आय कई बड़े राज्यों की भी नहीं है। कई छोटे और बड़े राज्य इस मामले में कहीं ज्यादा पीछे हैं। हरियाणा प्रति व्यक्ति जीएसटी कलेक्शन के मामले में भी देश में पहले स्थान पर है। यह कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। स्टेट ईज आफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में हरियाणा टाप अचीवर्स की श्रेणी में शामिल है। इन सारी उपलब्धियों के पीछे मातृशक्ति का बहुत बड़ा योगदान रहा है। 

मातृशक्ति के सहयोग के बिना कोई भी देश या राज्य उन्नति नहीं कर सकता है। यह बात समझते हुए राज्य सरकार ने महिलाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रखी हैं। प्रदेश की साढ़े छह लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह इक्कीस सौ रुपये मासिक प्रदान किया जा रहा है। गरीब महिलाओं को राहत प्रदान करने के लिए 15 लाख से अघिक परिवारों को पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। पंचायती राज में महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी आर्थिक और सामाजिक दशा को संवारा जा रहा है। 

इसके अतिरिक्त सुरक्षित हरियाणा की दिशा में कई तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। जिस राज्य की कानून व्यवस्था सुदृढ़ होती है, उस राज्य में पूंजी निवेश करने के लिए देशी-विदेशी पूंजीपति उत्सुक रहते हैं। इसके लिए हरियाणा पुलिस ने कई तरह के अभियान चलाकर अपराधियों, गैंगस्टरों और नशीले पदार्थ बेचने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कई भगोड़े अपराधियों को भी सलाखों के पीछे डाला गया है। विदेश भाग गए अपराधियों को भी डिपोर्ट कराकर गिरफ्तार किया गया है।

No comments:

Post a Comment