Thursday, February 26, 2026

अमेरिका के संस्थापकों में से एक थे फ्रैंकलिन


बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

बेंजामिन फ्रैंकलिन को अमेरिका के संस्थापकों में से एक माना जाता है। वह वैज्ञानिक होने के साथ-साथ लेखक, व्यंग्यकार, उद्यमी और राजनेता भी थे। उनका जन्म छह जनवरी 1706 में बोस्टन में हुआ था। उन्होंने बिजली की छड़, बाईफोकल्स, फ्रैंकलिन स्टोव, गाड़ी के ओडोमीटर और ग्लास 'आर्मोनिका' का आविष्कार किया। बेंजामिन के पिता जोशिया फ्रेंकलिन ने दो शादियां की थीं। 

दोनों पत्नियों से कुल मिलाकर उनकी 17 संतानें थीं। बेंजामिन के दस सगे भाई-बहन थे और वह अपनी मां के आखिरी पुत्र थे। बेंजामिन की अपने भाई जेम्स से नहीं पटती थी। जेम्स हमेशा बेंजामिन को लेकर कुछ न कुछ ताने मारता रहता था। इससे परेशान होकर बेंजामिन बोस्टन से भागकर फिलाडेल्फिया आ गया। 

फिलाडेल्फिया में उन्होंने काम पाने के लिए कई जगह हाथ-पांव मारे, लेकिन बात बनी नहीं। काम की तलाश में एक दिन बेंजामिन एक ऐसे प्रिंटर्स के यहां पहुंचे जिसके यहां कामकाज बंद पड़ा था। उन्होंने प्रिंटिंग प्रेस से मालिक से काम मांगा, तो उसने कहा कि मेरी एक मशीन ंबंद पड़ी है। बेंजामिन ने मशीन देखने के बाद कहा कि इसे ठीक करने में दिन भर लग जाएगा, मैं पूरी दिहाड़ी लूंगा। 

मालिक मान गया। लेकिन बेंजामिन ने दोपहर में ही मशीन को ठीक कर दिया। मालिक ने जब पूरी दिहाड़ी दी, तो आधी दिहाड़ी वापस करते हुए कहा कि मेरा मेहनताना इतना ही बनता है। उनकी इस ईमानदारी से प्रिटिंग प्रेस का मालिक बहुत प्रभावित हुआ। उसने दूसरी मशीन ठीक करने को कहा। इस तरह परिश्रम करते हुए अंत में वह वैज्ञानिक, राजनेता,लेखक बन गए। उन्होंने 17 अप्रैल 1790 में दुनिया को अलविदा कह दिया।

No comments:

Post a Comment