हरियाणा में साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। रोज कोई न कोई ऐसी घटना प्रकाश में आ रही है। साइबर अपराधियों के हौसले काफी बढ़े हुए हैं। हालांकि प्रदेश सरकार का दावा है कि उसने प्रदेश में होने वाली साइबर ठगी पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। लेकिन हालात कुछ अलग ही सच्चाई बयां कर रहे हैं। कल ही फरीदाबाद में साइबर ठगों ने एक दंपति को डिजिटल अरेस्ट करके उनसे 30.20 लाख रुपये ठग लिए। साइबर अपराधियों की चंगुल में फंसे दंपति ने अपनी एफडी तुड़वाकर अपराधियों के बताए गए खाते में रुपये ट्रांसफर किए। अपराधियों ने मुंबई ब्रांच से सीआईडी इंस्पेक्टर बनकर दंपति को मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की बात कही थी।
वहीं, फरीदाबाद में ही शेयर मार्केट में पूंजी निवेश के नाम पर ठगने वाले महिला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों ने एक व्यक्ति को शेयर मार्केट में पूंजी निवेश करके दोहरी कमाई का लालच देकर 29 लाख रुपये ठग लिए थे।
यही नहीं, कल ही बल्लभगढ़ के एक फैक्ट्री मालिक के ह्वाट्सएप एकाउंट को हैक करके साढ़े सात लाख रुपये से अधिक ठगने के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हरियाणा में सबसे ज्यादा साइबर ठग मेवात क्षेत्र में सक्रिय हैं। करीब डेढ़ साल पहले एक बड़ी मुहिम चलाकर पुलिस ने सौ से अधिक साइबर अपराधियों को गिरप्तार किया था। पकड़े गए साइबर अपराधी प्रदेश सहित देश और विदेश के लोगों को अपना शिकार बनाया करते थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साइबर अपराधियों से सहित सभी प्रकार के अपराधियों को गिरफ्तार करने और गंभीर अपराध करने वाले अपराधियों को खत्म करने की दिशा पुलिस अधिकारियों को लगा दिया है। पुलिस का दावा है कि हरियाणा पुलिस ने 2024 में साइबर धोखाधड़ी रोकने में देश में पहला स्थान हासिल करने का दावा किया था। उसने साइबर अपराधियों से लगभग 268.40 करोड़ रुपये बचाए, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 76.85 करोड़ रुपये था। यह राशि 2023 की तुलना में 2024 में बचाई गई राशि से तीन गुना और 2022 की तुलना में पांच गुना अधिक है। यही नहीं, 2022 में साइबर अपराधियों के खिलाफ 2,165 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2023 में 2,747 और 2024 में 5,511 मामले दर्ज किए गए।
इसी तरह, 2022 में पुलिस ने 1,078 लोगों को गिरफ्तार किया, 2023 में 1,909 और 2024 में 5,156 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 2024 में गिरफ्तार किए गए कुल अपराधियों में से 70 प्रतिशत (3,555) दूसरे राज्यों के हैं। 2024 में पुलिस ने औसतन हर रोज 14 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
No comments:
Post a Comment