अशोक मिश्र
ब्रिटिश दासता से अमेरिका को 4 जुलाई 1776 को आजादी मिली। इसके बाद अमेरिका के पहले राष्ट्रपति चुने गए जार्ज वाशिंगटन। वाशिंगटन का जन्म 22 फरवरी 1732 को वर्जीनिया में हुआ था। आगस्टाइन और मैरी बॉल वाशिंगटन की छह संतानों में जार्ज पहली संतान थे।
हालांकि उनके अपने माता-पिता से आजीवन खराब संबंध रहे। आगस्टाइन की पहली पत्नी जेन बटलर की चार संतानों में से सबसे बड़े बेटे लारेंस से उनके संबंध काफी अच्छे रहे। अमेरिका को ब्रिटिश दासता से मुक्त कराने में जार्ज वाशिंगटन का बहुत बड़ा योगदान माना जाता है। बात उस समय की है, जब वह अमेरिका के राष्ट्रपति थे। एक दिन उनसे मिलने के लिए कुछ मेहमान आने वाले थे।
राष्ट्रपति वाशिंगटन समय के बहुत पाबंद थे।
नियत समय पर जब मेहमान नहीं पहुंचे, तो उन्होंने भोजन करना शुरू कर दिया। आधा भोजन कर लेने के बाद जब मेहमान पहुंचे, तो उनके लिए प्लेटें लगाई गईं। इसी बीच राष्ट्रपति वाशिंगटन भोजन कर चुके थे। उन्हें भोजन के बाद कमांडरों की मीटिंग में जाना था। भोजन करते ही उनके सेक्रेटरी ने बताया कि आपको इसी समय कमांडरों की मीटिंग के लिए जाना है, तो वह तुरंत चले गए।
वहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि अमेरिका के एक हिस्से में विद्रोह हो गया है। विद्रोही काफी हैं और वह जन हानि भी पहुंचा सकते हैं। तत्काल वाशिंगटन ने अपने सैनिक कमांडरों के साथ नीतियां बनाई और उस पर अमल करने का निर्देश दिया।
समय पर जानकारी मिल जाने से विद्रोह की आग को ठंडा कर दिया गया। जब यह बात मेहमानों को पता चली तो वह एक बार फिर वाशिंगटन से मिलने पहुंचे और देर से आने के लिए क्षमा मांगी। वाशिंगटन ने कहा कि जिनके ऊपर देश और समाज की जिम्मेदारी होती है, उन्हें समय का पाबंद रहना चाहिए।
No comments:
Post a Comment