Thursday, January 1, 2026

नए साल पर वही संकल्प लें जिसको पूरा कर सकें

अशोक मिश्र

नया साल 2026 आपके दरवाजे पर दस्तक दे चुका है। नई आशा, नए उमंग और उल्लास के साथ पूरी दुनिया नए वर्ष का स्वागत कर रही है। पहली जनवरी केवल तारीख बदलने का अवसर नहीं है। यह बीते वर्ष की समीक्षा का भी मौका होता है। पीछे मुड़कर पिछले साल की गई गलतियों को जानने और समझने का भी अवसर होता है। ऐसा नहीं है कि पिछले साल केवल गलतियां ही गलतियां हुई थीं। 

कुछ ऐसा भी हुआ होगा जिसने हमें प्रसन्नता दी होगी, खुश होने का मौका दिया होगा। कुछ ऐसी भी घटनाएं हुई होंगी, जो सुखद होने के साथ-साथ हमें जीवन भर याद रहेंगी। उपलब्धियों को यों ही बिसार पाना, इतना आसान नहीं है। ऐसे अवसरों को दिलोदिमाग में सहेज कर रखने की जरूरत है। ऐसे क्षण जीवन की थाती बनकर रह जाते हैं। नया साल हमें इस बात का भी अवसर उपलब्ध कराता है कि हम यह पता करें कि पिछले साल हमने जो संकल्प लिए थे, वे कितने पूरे हुए। 

अगर पूरे नहीं हुए, तो उसके कारण क्या थे? हमने कहां गलती की। किस वजह से हमारे संकल्प पूरे नहीं हुए। बीता हुआ वर्ष हमें यही सिखाता है कि इस साल हमें वो गलतियां नहीं करनी है जो पिछले साल कर चुके हैं। बीता साल भी हमें उतना ही प्यारा होना चाहिए जितना नया वर्ष है। बीते हुए साल ने हमें बहुत कुछ सिखाया है। विपरीत परिस्थितियों से लड़ना, हार न मानना और अपनी जिजीविषा को हर हालत में कायम रखना। एक शिक्षक की भूमिका निभाकर बीता साल चला गया। 

बीते साल ने जो कुछ दिया, उसके प्रति हमें कृतज्ञ होना चाहिए। बीते साल में जो कुछ दुख मिले, तकलीफें झेलीं, उसको भूलकर अब आगे बढ़ने का अवसर आ गया है। यही नए साल का संदेश भी है। बीती बातों को मन में बोझ की तरह ढोने से कोई फायदा नहीं है। उन्हें भुलाकर ही आगे बढ़ा जा सकता है। आत्ममंथन करके ही सपनों की नींव को रखा जा सकता है। अब बारी आती है नए साल पर संकल्प लेने की। कोई जरूरी नहीं है कि बड़े संकल्प लिए जाएं। संकल्प वही लिए जाएं, जिन्हें पूरा कर सकते हैं। 

लोगों को दिखाने या जोश में आकर बड़े-बड़े संकल्प ले लिए और बाद में पता चला कि इसे पूरा नहीं किया जा सकता है। ऐसे संकल्प लेने का कोई फायदा नहीं है। पहले लक्ष्य तय कीजिए। नए साल में हमें करना क्या है? जो हमें करना है, उसको कैसे किया जा सकता है। नया वर्ष केवल व्यक्तिगत बदलाव का समय नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी का भी समय है। हम जिस समाज में रहते हैं, उसकी समस्याओं से हम अछूते नहीं रह सकते। छोटे-छोटे प्रयास—जैसे ईमानदारी, संवेदनशीलता, पर्यावरण के प्रति जागरूकता—समाज को बेहतर बना सकते हैं। अगर हर व्यक्ति नए साल में केवल एक अच्छी आदत अपना ले तो बदलाव अपने आप दिखने लगेगा।

No comments:

Post a Comment