![]() |
| 27 नवंबर को प्रभात खबर में प्रकाशित |
अशोक मिश्र
पंच पर्व बीत चुके थे। महंगाई और दीपावली के खर्चों के बाद किसी हारे हुए प्रत्याशी की तरह एक दिन मैं घर की ओर प्रस्थान कर रहा था. तभी पीपल के पेड़ पर बैठे एक उल्लू की आवाज मेरे कान तक पहुंची, बहुत परेशान हो. उल्लू को इंसानों की तरह बात करता देख पहले तो मैं हड़बड़ा गया. फिर गहरी सांस छोड़ते हुए कहा, महंगाई और कम वेतन से बहुत परेशान हूं. मेरी बात सुनकर बड़े कुटिल भाव से उल्लू मुस्कुराया. फिर बोला, मैं धन की देवी लक्ष्मी का वाहन हूं. मैं तुम्हारी दरिद्रता दूर कर सकता हूं. माता लक्ष्मी ने अपने भक्तों के लिए ‘दारिद्रय हरण स्कीम’ लांच की थी. स्कीम की लास्ट डेट अभी दो दिन बाकी है. मर्त्यलोक के ग्यारह हजार प्राणियों को हर महीने पांच साल तक एक करोड़ रुपये उनके खाते में डाले जाएंगे. यदि तुम चाहो तो मेरे पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हो. क्या पता तुम्हारा भाग्य चमक जाए.
उल्लूक महाराज की बातें सुनकर मेरी आंखें चमक उठीं. मैंने सोचा यदि ऐसा हो जाए, तो मजा ही आ जाए. मैंने सोचा कि इस उल्लू को ही उल्लू बनाया जाए. मैंने निर्विकार भाव दर्शाते हुए पूछा, मुझे क्या करना होगा? इस योजना का मैं पात्र कैसे हो सकता हूं. उल्लू फिर कुटिल भाव से मुस्कुराया. बोला, ‘दारिद्रय हरण स्कीम’ का मैं ही इंचार्ज हूं. मेरे द्वारा दी गई लिस्ट को ही माता फाइनल करेंगी. यदि तुम कुछ व्यवस्था कर दो, तो मैं तुम्हारे पूरे
परिवार को योजना का पात्र बना दूंगा. बस, पच्चीस हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से मुझे देना होगा. मैं सूची में सबसे पहले नाम डलवा दूंगा. एक बार योजना में नाम आ गया, तो समझो पांच साल में साठ करोड़ रुपये तुम्हारे हैं. उल्लू की बात सुनकर मेरा मन ललक उठा.
मैंने कहा, देखो भाई! मैं ठहरा एक मामूली पत्रकार और व्यंग्यकार. मेरे पास इतना पैसा कहां से आएगा. करवाचौथ से लेकर धनतेरस, दीपावली आदि त्योहार निपटाते-निपटाते कंगाल हो गया हूं. मैं प्रति व्यक्ति हजार से
अधिक नहीं दे पाऊंगा. काफी वाद-विवाद, तर्क-वितर्क के बाद दो हजार रुपये प्रति व्यक्ति पर बात फाइनल हो गई. मैंने पत्नी, बेटा-बेटी का नाम, पता, बैंक खाता नंबर आदि एक पर्ची में लिखा और आठ हजार रुपये एक रबरबैंड से बांधकर जमीन पर रख दिया. उल्लू पेड़ से नीचे आया और अपनी चोंच में पर्ची और नोट दबाकर उड़ गया।
घर पहुंचा, तो मन अत्यंत मुदित था. पहले सोचा कि पत्नी और बच्चों को स्कीम के बारे में बता दूं, लेकिन फिर सोचा कि कहीं बात लीक हो गई, तो उल्लूक जी नाराज हो जाएंगे. सूची से नाम ही न काट जाए. इस तरह दिन बीता, सप्ताह बीते, महीना भी बीत गया. न खाते में पैसे आए, न उल्लूक जी के दर्शन हुए. एक दिन संयोग से उसी पेड़ की एक डाल पर बैठे हुए उल्लू महराज दिख गए. मैंने शिकायती लहजे में कहा, आपने अच्छा बेवकूफ बनाया. उल्लू ने कहा कि बेवकूफ को क्या बेवकूफ बनाना. जिसने एक लाख, दो लाख दिए थे, उसका नाम सूची में डाल दिया. तुमने तो पच्चीस हजार के लिए आधे घंटे तक बहस की थी। अब भाग यहां से, उल्लू इतना भी उल्लू नहीं होता कि वह फायदा-नुकसान में अंतर न कर पाए. मैं लुटा पिटा सा घर वापस आ गया.


No comments:
Post a Comment