Saturday, November 28, 2026

युवाओं को समझाना होगा, मोबाइल से कहीं अधिक जरूरी है जीवन

अशोक मिश्र

मोबाइल फोन की मांग पूरी न होने पर फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र के युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक की आत्महत्या का यह मामला मात्र एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि आज के युवा समाज की गहरी बेचैनी का प्रतीक है। जब कोई छोटी-सी इच्छा पूरी न होने पर जीवन का अंत चुन लिया जाता है, तो यह प्रवृत्ति लोगों को सोचने पर मजबूर करती है कि युवाओं में आक्रोश, आक्रामकता और आत्मघाती प्रवृत्तियाँ क्यों इतनी तेजी से बढ़ रही हैं। आधुनिक जीवन की तेज रफ़्तार, सोशल मीडिया की निरंतर तुलना और भौतिक सुखों को सफलता का मापदंड बनाने वाली संस्कृति ने युवा मन को अत्यधिक संवेदनशील और असहिष्णु बना दिया है। पहले जहाँ संघर्ष और प्रतीक्षा जीवन का हिस्सा माने जाते थे, वहाँ आज तुरंत संतुष्टि की आदत ने धैर्य और सहनशक्ति को कमजोर कर दिया है। युवाओं को मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े या कोई अन्य वस्तु न मिलना अब अपमान या विफलता जैसा महसूस होता है। सोशल मीडिया पर निरंतर दूसरों के जीवन के चमकीले पक्ष दिखते रहते हैं।

इससे युवाओं में तुलना, हीनता की भावना और कुंठा जन्म लेती है। पारिवारिक संबंधों में कमी, माता-पिता का व्यस्त जीवन और बच्चों से भावनात्मक दूरी ने भी युवाओं को अकेला कर दिया है। जब घर में बातचीत और समझ की जगह सिर्फ सुविधाएँ दी जाती हैं, तो छोटी निराशा भी असहनीय लगने लगती है। शिक्षा व्यवस्था में प्रतिस्पर्धा का दबाव, भविष्य की अनिश्चितता और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी इन प्रवृत्तियों को और बढ़ावा देती है। आक्रोश अक्सर इसलिए फूटता है। भावनाओं को व्यक्त करने और उन्हें संभालने का प्रशिक्षण न तो परिवार देता है और न ही समाज। आक्रामकता सोशल मीडिया पर गुस्से के प्रकटीकरण और वास्तविक जीवन में झुंझलाहट के रूप में उभरती है, जबकि आत्मघाती भावना तब प्रबल होती है जब निराशा को अस्थायी न मानकर स्थायी और असहनीय समझ लिया जाता है। 

इस प्रवृत्ति के बढ़ने के पीछे कई कारण एक साथ काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया ने हर युवा के हाथ में पूरी दुनिया की झलक दे दी है, लेकिन वह झलक अधूरी है। वहां सब खुश, सफल और संपन्न दिखते हैं। कोई अपनी परेशानी, कर्ज, तनाव या अधूरापन नहीं दिखाता। ऐसे में युवा को लगता है कि केवल उसी का जीवन कठिन है। आॅनलाइन शॉपिंग, रील्स, गेम्स और एक क्लिक पर मिलने वाली हर चीज ने धैर्य को कमजोर कर दिया है। जब कोई इच्छा तुरंत पूरी नहीं होती तो निराशा भी तुरंत और बहुत गहरी आती है। घरों में अब साथ बैठकर बात करने, मन की बात कहने और बिना डर के अपनी तकलीफ बताने की जगह कम होती जा रही है। माता-पिता काम, मोबाइल और अपनी चिंताओं में व्यस्त हैं। बच्चे अपने कमरे और स्क्रीन में। ऐसे में जब कोई युवा टूटता है तो उसे सुनने वाला कोई नहीं मिलता। स्कूलों में अंक, प्रतियोगिता और करियर की बात तो बहुत होती है, लेकिन गुस्से, निराशा, असफलता, ईर्ष्या और अकेलेपन से कैसे निपटा जाए, यह लगभग कोई नहीं सिखाता। हमारे समाज में आज भी दुखी होना, रोना, मदद मांगना कमजोरी समझा जाता है। युवा अपनी पीड़ा को अंदर ही अंदर दबाता रहता है और एक दिन वह पीड़ा विस्फोट की तरह बाहर आती है। इस प्रवृत्ति को रोकने का समाधान किसी एक उपाय से नहीं निकलेगा। 

इसके लिए परिवार, स्कूल, समाज और युवा को खुद अपनी भूमिका निभानी होगी। सबसे पहले घर में माहौल ऐसा बनाना होगा जहां बच्चा अपनी इच्छा, अपनी निराशा और अपनी गलती को बिना डर के बता सके। माता-पिता को यह समझना होगा कि हर इच्छा को तुरंत पूरा करना प्यार नहीं है। हर इच्छा को डांटकर दबा देना भी अनुशासन नहीं है। बीच का रास्ता है संवाद, जहां बच्चे को यह समझाया जाए कि चीजों की कीमत क्या है? पैसा कैसे आता है? घर की क्या सीमाएं हैं? और यह भी कि किसी वस्तु का न होना उसकी इज्जत को कम नहीं करता। यदि बच्चा फोन मांग रहा है तो उसे केवल मना करने के बजाय यह बताया जा सकता है कि उसे पाने के लिए क्या मेहनत करनी होगी, कितना इंतजार करना होगा और उस इंतजार में धैर्य कैसे रखा जाता है। 

यही धैर्य जीवन की सबसे बड़ी ताकत बनता है। साथ ही माता-पिता को खुद भी अपने व्यवहार से उदाहरण देना होगा, क्योंकि यदि घर में हर समय महंगी चीजों, ब्रांड और दिखावे की चर्चा होगी तो बच्चा भी उसी को जीवन का लक्ष्य मान लेगा। स्कूलों और कॉलेजों में मानसिक स्वास्थ्य की शिक्षा, काउंसलिंग सेवाएँ और भावनात्मक समझ विकसित करने वाले कार्यक्रम नियमित रूप से चलाने चाहिए। युवाओं को खुद भी सोशल मीडिया के उपयोग में संयम रखना, वास्तविक उपलब्धियों पर ध्यान देना और छोटी-छोटी असफलताओं को सीखने का अवसर मानना सीखना होगा। समाज को भौतिक सफलता के अलावा चरित्र, सहिष्णुता और मानसिक मजबूती को भी महत्व देना होगा। जब परिवार, शिक्षा और समाज मिलकर युवाओं में लचीलापन, आत्म-नियंत्रण और जीवन की चुनौतियों को स्वीकार करने की क्षमता विकसित करेंगे, तभी ऐसी घटनाएँ कम होंगी। 

No comments:

Post a Comment