Showing posts with label #बेरोजगारी #नायब सिंह सैनी #सर्वेक्षण #पीएलएफएस # स्वरोजगार #जर्मनी #रूस. Show all posts
Showing posts with label #बेरोजगारी #नायब सिंह सैनी #सर्वेक्षण #पीएलएफएस # स्वरोजगार #जर्मनी #रूस. Show all posts

Tuesday, August 12, 2025

युवाओं को विदेश में सुरक्षित नौकरी दिलाने में एचकेआरएन आगे

अशोक मिश्र

हरियाणा में बेरोजगारी की दर कितनी है, यह बता पाना बहुत मुश्किल है क्योंकि सरकारी आंकड़ों और विपक्षी दलों सहित विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी में बहुत अंतर है। मार्च 2025 में ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया था कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण की अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही की नवीनतम रिपोर्ट में हरियाणा की बेरोजगारी दर 4.7 प्रतिशत दिखाई गई है, जबकि राष्ट्रीय बेरोजगारी दर 6.4 प्रतिशत है। 

वहीं सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के मासिक आवधिक श्रमबल सर्वे (पीएलएफएस) के आंकड़ों के मुताबिक शहरी इलाकों में बेरोजगारी दर जून, 2025 में बढ़कर 18.8 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। मई में यह 17.9 फीसदी रही थी। ग्रामीण बेरोजगारी दर भी 13.7 फीसदी से बढ़कर 13.8 फीसदी पहुंच गई। हालांकि, इस अवधि में पूरे देश में बेरोजगारी दर 5.6 फीसदी पर स्थिर रही। इसके बावजूद यह सच है कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार दिलाने के मामले में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। 

प्रदेश में नौकरी और स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। नए-नए उद्योगों को खोलने की अनुमति दी जा रही है ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर हासिल हो सके। वहीं युवाओं को विदेश में भी नौकरी दिलाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। इसी संदर्भ में अब हरियाणा कौशल रोजगार निगम  प्रदेश की पांच हजार से अधिक नर्सिंग स्टाफ को इजरायल में नौकरी दिलाने जा रहा है। हमास और इजरायल के बीच चलने वाले युद्ध की वजह से इजरायल के अस्पतालों की हालत काफी खराब हो चुकी है। भारी संख्या में अस्पताल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लोग जंग के चलते बीमार और घायल हो रहे हैं।

 ऐसी स्थिति में इजरायल में नर्सिंग स्टाफ की काफी कमी महसूस की जा रही है। इजरायल ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम से पांच हजार नर्सिंग स्टाफ भेजने की गुजारिश की है। पिछले ही दिनों इजरायल में 225 निर्माण वर्करों को नौकरी दिलाई गई है। यही नहीं, जर्मनी, रूस, स्लोवाकिया, नार्वे जैसे कई देशों में निगम ने प्रदेश के युवाओं को नौकरी दिलाई है। संयुक्त अरब अमीरात की दुबई में नौकरी के लिए करीब सौ ड्राइवरों को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 

जल्दी ही यह ड्राइवर दुबई भेज दिए जाएंगे। हरियाणा कौशल रोजगार निगम को रिक्रूटिंग एजेसी की मान्यता मिलने के बाद से युवा फर्जी ट्रैवल और रिक्रूटिंग एजेंसियों के चंगुल से बच रहे हैं। निगम के चलते युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो रहा है। दो साल पहले भी रोजगार निगम दस हजार से अधिक युवाओं को इजरायल में सुरक्षित नौकरी दिला चुका है।