हरियाणा में 21 जून को आयोजित होने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सैनी सरकार ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुट गई है। हमारे देश में योग का महत्व सदियों से बताया जाता रहा है। वैसे तो महर्षि पतंजलि को योग का जन्मदाता कहा जाता है। उन्होंने योग सूत्र की रचना की थी जो योग दर्शन का मूल ग्रंथ माना जाता है। महर्षि पतंजलि ने अष्टांग योग के आठ अंग बताए हैं। उन आठों अंगों को यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि कहा जाता है।
आधुनिक योग का जन्मदाता महर्षि पतंजलि को इसलिए कहा जाता है क्योंकि योग को सरल शब्दों में लोगों को समझाकर उसे अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग को सर्वसुलभ बनाने का सराहनीय कार्य महर्षि पतंजलि ने किया था। लेकिन ज्यादातर लोगों का मानना है कि योग के जन्मदाता आदियोगी शिव हैं। आदियोगी शिव ने साधना को योग का प्रमुख अंग माना है। योग केवल आसन या प्राणायम तक ही सीमित नहीं है।
योगाभ्यास करने से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, समस्त शरीर में ऊर्जा का प्रवाह समुचित रूप से होता रहता है, वहीं मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी योग बहुत लाभदायक है। यही वजह है कि भारत के योग को पूरी दुनिया में अपनाया गया। सदियों पहले भारतीय योग ने दुनिया के कई देशों को इसे अपनाने को मजबूर कर दिया। इसके पीछे कारण योग से होने वाला लाभ ही था।
आज से ग्यारह साल पहले पीएम नरेंद्र मोदी के सुझाव पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। इसके बाद कई देशों में 21 जून को बड़े पैमाने पर योग दिवस मनाए जाने लगे। इस बार भी हरियाणा में बड़े पैमाने पर योग दिवस मानने की तैयारियां की जा रही हैं। योग दिवस के दिन प्रदेश के बाइस जिलों और 121 प्रखंडों में एक ही समय पर योग दिवस मनाया जाएगा।
इसमें 11 लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना है। प्रदेश सरकार का मुख्य कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के ब्रह्म सरोवर पर आयोजित किया जाएगा। कुरुक्षेत्र के आयोजन में रामदेव मौजूद रहकर लोगों को योगाभ्यास कराएंगे। इस आयोजन में एक लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। मुख्यमंत्री सैनी खुद इस बड़े आयोजन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास करने वालों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। भीषण गर्मी की वजह से कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है।
इससे बचने के लिए भी चिकित्सकों की व्यवस्था की जा रही है। वैसे तो पिछले 27 मई से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में योग कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है जिसमें 12.60 लाख लोग हिस्सा ले चुके हैं।
No comments:
Post a Comment