25 सिंतबर को दीन दयाल उपाध्याय की जयंती है। इसी अवसर पर हरियाणा सरकार दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का पोर्टल लांच करने जा रही है। कल पंचकूला में इसकी शुरुआत सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे। इसके बाद एक लाख तक आय वर्ग की महिलाएं इस पोर्टल पर लाडो योजना के लिए अपना पंजीकरण करा सकेंगी। हरियाणा की गरीब महिलाओं के लिए यह एक फायदेमंद योजना है। इससे न केवल वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, बल्कि वह अपने परिवार की मदद भी कर सकेंगे।
एक महिला को यदि हर महीने 21 सौ रुपये की आमदनी निश्चित हो जाए, तो उसमें एक आत्मविश्वास पैदा होता है। वह जरूरत के समय अपनी बचत करके परिवार को संकट से ऊबार सकती है। प्रदेश सरकार वैसे तो कल यानी 25 सितंबर से पहले चरण में केवल एक लाख आयवर्ग की महिलाओं को ही यह सुविधा देने जा रही है, लेकिन आगामी कुछ वर्षों में इसमें पांच लाख रुपये की आय वाली महिलाओं को भी शामिल करने की योजना है। राज्य स्थापना दिवस यानी एक नवंबर से लाडो योजना में शामिल होने वाली महिलाओं के खाते में रुपये आने शुरू हो जाएंगे।
पहले चरण में इस योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं की संख्या 20 लाख 97 हजार 256 बताई गई है। चौथे चरण तक लाडो लक्ष्मी योजना में सात लाख अतिरिक्त महिलाओं को यह सुविधा प्रदान की जाएगी, ऐसा सरकार ने ठाना है। दूसरे चरण में 1.80 लाख रुपये वार्षिक आय वाली महिलाओं को शामिल किया जाएगा। वहीं एक लाख अस्सी हजार से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाली महिलाओं की अनुमानित संख्या 46 लाख 62 हजार बताई जा रही है। वैसे तो देश के कई राज्यों में इस तरह की योजनाएं संचालित हैं।
इन योजनाओं के नाम और दी जाने वाली रकम भले ही अलग अलग हों, लेकिन इन योजनाओं का मूल मकसद लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान महिला मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करना है। जिन महिलाओं को यह सुविधा प्रदान की जाएगी, सरकार का मानना है कि जब कभी चुनाव होंगे, इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं उसके ही पक्ष में मतदान करेंगी। इस तरह की योजनाओं का मकसद ही होता है, लोगों की भलाई के नाम पर अपना जनाधार तैयार करना।
इसके चलते राज्य की अर्थव्यवस्था पर जो भार पड़ता है, उसकी ओर कोई ध्यान नहीं देता है। ऐसी ही तमाम योजनाओं के चलते देश के कई राज्यों पर कर्ज की राशि लगातार बढ़ती जा रही है। यदि इन योजनाओं में पैसा बांटने की जगह नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं जाएं, तो प्रदेश और नागरिकों की अर्थव्यवस्था सुधरेगी।
No comments:
Post a Comment