Showing posts with label #अपराध #माफिया गिरोह #करनाल #नायब सिंह सैनी #सामूहिक बलात्कार #. Show all posts
Showing posts with label #अपराध #माफिया गिरोह #करनाल #नायब सिंह सैनी #सामूहिक बलात्कार #. Show all posts

Sunday, July 13, 2025

पुलिस अधिकारियों को चेतावनी, नहीं रुके अपराध तो होगी कार्रवाई

अशोक मिश्र

हरियाणा में दिनोंदिन बढ़ता अपराध चिंताजनक है। कहीं माफिया गिरोह व्यापारियों को धमका रहे हैं, तो कहीं दुकानदारों पर फायरिंग करके उनकी हत्या की जा रही है। हालात कितने बिगड़ चुके हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करनाल में उत्तर प्रदेश से विवाह करके लौट रही बारात पर कुछ दबंगों और गुंडों ने हमला किया। बारातियों से मारपीट की गई। इस बात का संज्ञान उत्तर प्रदेश सरकार ने लिया और अपना विरोध भी दर्ज कराया। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया और गुरुवार की रात पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने इस मामले को भी उठाया। सीएम सैनी कई बार कह चुके हैं कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के मामले में जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। न तो किसी किस्म का अपराध सहन किया जाएगा, न छोटे से लेकर बड़ा अपराधी। उन्होंने तो पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध रोकने के मामले में फ्री हैंड करने की बात कई बार कही है। 

उन्होंने साफ कहा है कि अपराध रोकने के लिए पुलिस विभाग को जो सुविधाएं चाहिए, मिलेंगी। जो अधिकार चाहिए, दिए जाएंगे, लेकिन हर हालत में प्रदेश में अपराध रुकना चाहिए। इसके बाद भी यदि प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है और इसके लिए सीएम को बार-बार चेतावनी देनी पड़ रही है, तो बात चिंताजनक है। मुख्यमंत्री सैनी ने तो इसी साल बजट सत्र के दौरान विधानसभा में बताया था कि अपराधों से निपटने के लिए विशेष इकाइयों का गठन किया गया है। पुलिस बल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने तो यह भी बताया था कि 2024 में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 19.6 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई। 

वहीं 2023 में 11,814 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2024 में यह संख्या घटकर 9,488 रह गई। बलात्कार के मामलों में 23.3 प्रतिशत और सामूहिक बलात्कार की घटनाओं में 19.8 प्रतिशत की कमी आई है। हत्या के मामलों में भी गिरावट दर्ज हुई। 2023 में 1,061 के मुकाबले 2024 में 966 मामले सामने आए थे। एससी/एसटी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 30.7 प्रतिशत की गिरावट हुई। 2023 में 1,514 मामलों के मुकाबले 2024 में 1,049 मामले दर्ज हुए। 

गुरुवार की बैठक में सीएम ने खुद बढ़ते अपराध पर चिंता जताकर यह साबित कर दिया कि प्रदेश में अपराध के मामले में सब कुछ ठीक नहीं है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को साफ तौर पर निर्देश दिया है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा अहम है। पूरे प्रदेश में किसी भी हालत में नशा नहीं बिकना चाहिए। रंगदारी और फिरौती पर पुलिस हर हालत में रोक लगाए।