Showing posts with label #सावन #ब्रजमंडल #जलाभिषेक यात्रा #पुलिस प्रशासन #नूंह #तोड़फोड़. Show all posts
Showing posts with label #सावन #ब्रजमंडल #जलाभिषेक यात्रा #पुलिस प्रशासन #नूंह #तोड़फोड़. Show all posts

Tuesday, July 15, 2025

पुलिस की मुस्तैदी से संपन्न हो गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा

अशोक मिश्र

सावन के पहले सोमवार को शुरू हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्वक निपट गई। शांतिपूर्वक यात्रा संपन्न होने के बाद नूंह की जनता, सरकार और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस बार पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और कार्यप्रणाली के चलते लोगों को तनिक भी असुविधा नहीं हुई और सबसे बड़ी बात यह रही कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी इसमें सहयोग दिया। कुछ लोगों ने यात्रा का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन और लोगों की सतर्कता के चलते शरारती तत्व अपने मकसद में सफल नहीं हो पाए।

 रविवार-सोमवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने एक मजार तोड़ दी। उनका इरादा नूंह में माहौल खराब करना था। लेकिन तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले को सुलझा लिया। यात्रा के शांतिपूर्वक निपट जाने के बाद अब उन शरारती तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वैसे जिला प्रशासन ने एहतियाती तौर पर नूंह जिले का इंटरनेट चौबीस घंटे के लिए रोक दिया था। बल्क एसएमएस पर भी रोक लगा दी गई थी। हां, सामान्य एसएसएम करने पर कोई रोक नहीं थी। 

सावधानी के लिए गौरक्षा बजरंग फोर्स के नेता बिट्टू बजरंगी को फरीदाबाद में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। उन्होंने जलाभिषेक यात्रा में जाने की इजाजत मांगी थी, लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली थी। सन 2023 में जलाभिषेक यात्रा के दौरान मेवात में काफी हिंसा हुई थी। हिंसक गतिविधियों में सात लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा था। 

दो साल पहले जलाभिषेक यात्रा के दौरान भड़की हिंसा में हिंदू और मुसलमानों को काफी नुकसान पहुंचा था। कई दिनों तक नूंह में कर्फ्यू जैसे हालात रहे। दो गुटों के टकराव ने नूंह में हालात काफी खराब कर दिए थे। तीन दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को उपद्रवियों ने आग लगा दी थी। उपद्रवियों ने साइबर थाने पर हमला करके तोड़फोड़ की थी। गाड़ियों को आग लगा दी थी। पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा था। मेवात के कस्बे नगीना और फिरोजपुर झिरका में भी कई जगह आगजनी की गई। 

उपद्रवियों ने स्कूल बस में भी तोड़फोड़ और लूट को अंजाम दिया। उपद्रवियों ने कई जगह मंदिरों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। नूंह सिटी में पलड़ी रोड श्मशान घाट के पास काली माता मंदिर में उपद्रवियों ने खूब तोड़फोड़ की थी। नूंह हिंसा से सबक लेकर पिछले साल पुलिस के कड़े पहरे में जलाभिषेक यात्रा निकाली गई थी। इस बार भी पुलिस सुरक्षा काफी कड़ी रही। प्रशासन ने नूंह के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी और नतीजा सामने है। जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।