Friday, December 26, 2025

उद्योग और उत्पादन में चीन को टक्कर देने की राह पर हरियाणा


अशोक मिश्र

राज्यों का विकास उसके औद्योगिक ढांचे और पूंजीनिवेश पर निर्भर होता है। राज्य में मौजूद इफ्रास्ट्रक्चर भी इसमें काफी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। आवागमन के साधन भी राज्य के विकास की दशा और दिशा को समझने में काफी मायने रखते हैं। हरियाणा में अभी औद्योगिक विकास की काफी संभावनाएं हैं। औद्योगिक विकास पर ध्यान देकर न केवल प्रदेश की बेरोजगारी को दूर किया जा सकता है, बल्कि प्रति व्यक्ति आय को भी बढ़ाया जा सकता है। 

चीनी मॉडल अपनाकर राज्य में औद्योगिक विकास की एक नई इबारत लिखी जा सकती है। अब इसके लिए फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी ने शहर में  औद्योगिकि गतिविधियों में तेजी लाने के लिए स्थायी औद्योगिक मेला परिसर स्थापित करने की योजना बनाई है। स्थायी औद्योगिक मेला परिसर का प्रस्ताव फिलहाल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि जल्दी ही सीएम इस प्रस्ताव को मंजूरी भी प्रदान कर देंगे। सीएम की मंजूरी मिलते ही इस दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा। 

यह चीनी उद्योग मॉडल की ओर बढ़ाया गया छोटा सा कदम साबित होगा। वास्तव में चीन के कई शहरों में स्थायी औद्योगिक मेला परिसर स्थापित किए गए हैं जिनमें लगभग रोज चीनी उत्पादों को प्रस्तुत किया जाता है और उन्हें विदेश में निर्यात के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। चीन में सन 1980 के बाद छोटे-छोटे पैमाने पर घरेलू उद्योग और बड़े पैमाने पर राज्य नियंत्रित कारखानों का बड़ी तेजी से विकास हुआ है। निजी कंपनियां भी उद्योग-धंधों के विकास में लगी रहती हैं। 

चीन के बारे में कहा तो यह भी जाता है कि चीन में हर घर में कोई न कोई छोटा-मोटा उद्योग धंधा चल रहा होता है। ज्यादातर लोग राज्य नियंत्रित कारखानों में कर्मी के तौर पर काम करते हैं। घरेलू उद्योगों के उत्पादों की प्रदर्शनियां लगती रहती हैं। छोटे उद्योगों के उत्पादों को या तो कम्युनिस्ट सरकार खरीद लेती है या फिर निजी कंपनियां। सरकार और कंपनियां इन उत्पादों को वैश्विक बाजार में उतार देती हैं। इसी तर्ज पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी ने अपने शहर को छोटे उद्योगों का हब बनाने का सपना देखा है। जोशी का प्रयास यह है कि फरीदाबाद में करीब 20 एकड़ जमीन पर स्थायी औद्योगिक मेला परिसर विकसित किया जाए जहां साल भर घरेलू और विदेशी उद्योगपतियों के लिए पक्के और आधुनिक स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं जहां पर वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकें। 

इस परिसर में पूरे साल भर व्यापारिक गतिविधियां चलती रहें। सीएम से प्रोजेक्ट मंजूर होने के बाद दिल्ली के प्रगति मैदान में लगने वाले ट्रेड फेयर की तरह फरीदाबाद का स्थायी औद्योगिक मेला परिसर का निर्माण किया जाएगा। मेला परिसर में सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment