Wednesday, July 29, 2026

अंतत: पर्वत पर चढ़ने में कामयाब हो गया

 

बोधिवृक्ष

अशोक मिश्र

जीवन में हर किसी के सामने कोई न कोई समस्या जरूर सामने आती है। अगर व्यक्ति को हल करने के लिए पहला कदम उठाता है, वही सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है। अपने लक्ष्य की ओर उठा पहला कदम ही उसको आधी सफलता दिला देता है। यदि वह पहला कदम नहीं उठाता तो सफलता कैसे हासिल होती। किसी गांव में एक युवक रहता था। उस गांव के सामने एक पर्वत था। 

वह उस पर्वत पर चढ़कर अपने गांव का नाम रोशन करना चाहता था। लेकिन गांव के लोग उसको हर बार हतोत्साहित कर देते थे। इसके कारण उसमें धीरे-धीरे साहस की कमी होती गई और वह अपने साहस पर ही शंका करने लगा। संयोग से उस रास्ते से एक दिन एक साधु गुजरा। 

वह थोड़ी देर के लिए उस गांव में भी गया। मुलाकात के दौरान उस युवक ने अपने मन की सारी बात साधु को बताई। यह सुनकर साधु ने कुछ दिन गांव में रहने का निश्चय किया। साधु उसे गांव के बाहर ले गया और एक बड़े से पत्थर को उठाने को कहा। युवक ने कहा कि इतना बड़ा पत्थर मैं कैसे उठा सकता हूं। साधु ने कहा कि तुम इसे उठा नहीं सकते, तो क्या हुआ? ढकेल तो सकते हो। 

साधु के कहने पर युवक रोज पत्थर को ढकेलने का प्रयास करता रहा। कुछ दिन बाद साधु ने युवक से कहा कि अब तुम पर्वत की चढ़ाई शुरू करो। युवक ने पर्वत की चढ़ाई शुरू की और अंतत: वह पर्वत पर चढ़ने में कामयाब हो गया। जब युवक वापस आया, तो उसने साधु से कहा कि आपने मुझे पत्थर ढकेलने के लिए क्यों कहा था? साधु ने कहा कि पत्थर ढकेलने से तुम्हारा शरीर मजबूत हुआ। जब शरीर मजबूत हुआ, तो तुम्हारा साहस लौट आया। आज पर्वत पर चढ़ने में सफल हुए हो, तो इसका कारण यह है कि तुमने पत्थर को ढकेलने के लिए पहला कदम उठाया था। यही तुम्हारी सफलता का राज है।

No comments:

Post a Comment