Showing posts with label भयमुक्त समाज गैंगस्टर स्पेशल टॉस्क गैंग लारेंस बिश्नोई काला जेठड़ी गैंग. Show all posts
Showing posts with label भयमुक्त समाज गैंगस्टर स्पेशल टॉस्क गैंग लारेंस बिश्नोई काला जेठड़ी गैंग. Show all posts

Saturday, June 21, 2025

हरियाणा सरकार की गैंगस्टरों के खिलाफ मुहिम चलाने की तैयारी

अशोक मिश्र

दुनिया का कोई भी देश और समाज हो, जब वह भयमुक्त होता है, उसका विकास भी तभी संभव है। भयमुक्त समाज और देश में सभी लोग निर्बाध काम करते हैं, आपने साथ-साथ देश और समाज का विकास करते हैं। जब किसी प्रदेश या जिले में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बिना किसी भय के रह रहे हों, तो उस प्रदेश या जिले के बारे में समझा जाता है कि वहां चौमुखी विकास हो रहा होगा। हरियाणा में औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को बाधित करते हैं, यहां सक्रिय गैंगस्टर और उनके गुर्गे जो यहां के व्यापारियों, कारोबारियों और समाज के गणमान्य नागरिकों से रंगदारी वसूलते हैं। 

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान बहुत पहले से ही चला रखा है। इससे पूर्ववर्ती सरकारों ने भी अपनी क्षमता भर गैंगस्टरों का खात्मा करने का प्रयास किया। लेकिन अब सैनी सरकार ने युद्धस्तर पर गैंगस्टरों के खिलाफ मुहिम चलाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए मुख्यमंत्री सैनी ने पुलिस अधिकारियों से साफ तौर पर कहा है कि उन्हें गैंगस्टरों का खात्मा करने के लिए जो भी संसाधन चाहिए, मैन पावर चाहिए, वह सब उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन गैंगस्टरों का आतंक हर हालत में प्रदेश से खत्म होना चाहिए। 

गैंगस्टरों के सफाए के लिए पहले से ही बनाई गई स्पेशल टॉस्क फोर्स को उन्होंने ज्यादा से ज्यादा अधिकार, मैनपावर, बुलेट प्रूफजैकेट, बुलेट प्रूफ गाड़ियां और आधुनिकतम हथियार उपलब्ध कराने का फैसला किया है। उन्होंने प्रदेश पुलिस में योग्य अधिकारियों और कांस्टेबलों को अधिक से अधिक एसटीएफ में भेजने को कहा है ताकि मैनपावर और हथियारों की कमी की वजह से कोई गैंगस्टर बचने न पाए। आमतौर पर माना जाता है कि प्रदेश में छोटे-बड़े मिलाकर कुल अस्सी गैंग सक्रिय हैं। इनमें से कुछ गैंग को संचालित करने वाले थाईलैंड, अमेरिका, कनाडा जैसे देशों में भाग गए हैं
और वहीं से अपने गैंग को संचालित कर रहे हैं। उत्तर भारत में सबसे कुख्यात गैंग लारेंस बिश्नोई का माना जाता है।इसके अलावा काला जेठड़ी गैंग, नीरज बवाना गैंग, आसौदा गैंग, काजू गैंग जैसे न जाने कितने गैंग प्रदेश में सक्रिय हैं। इनमें कभी कभी आपस में ही मुठभेड़ होती रहती है। इन सभी गैंगस्टरों का मुख्य काम व्यापारियों, उद्योगपतियों और कुछ बड़े लोगों से फिरौती मांगना है। यह हत्याएं भी करने का काम लेते हैं। ऐसी स्थिति में प्रदेश में भय का संचार होता है। इसी भय का फायदा उठाकर गैंगस्टर अपना अवैध कारोबार चलाते हैं। लोगों में इतना भय होता है कि वे इनके खिलाफ कुछ बोलने या पुलिस का सहयोग करने से  कतराते हैं। सैनी सरकार लोगों में बसे इस भय को खत्म करना चाहती है।