Saturday, June 27, 2026

क्षणिक आवेश में होने वाले अपराध पर कैसे लगे अंकुश?

अशोक मिश्र

नेहा कुमारी का अपराध केवल इतना था कि उसने अपने पति अमित को ड्यूटी पर जाने को कहा था। अमित उस दिन ड्यूटी पर नहीं जाना चाहता था। बस, इसी बात पर अमित ने छह महीने की गर्भवती अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पहले उसने चुन्नी से नेहा का गला दबाया। उसके बाद पानी से भरी बाल्टी में उसका मुंह दबाकर मार डाला। बिहार के मुजफ्फरनगर की रहने वाली नेहा एक महीने पहले अपने पति के साथ फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कालोनी में रहने आई थी। 

पत्नी की हत्या का आरोपी अमित फरार है। आज नहीं तो कल अमित गिरफ्तार किया जाएगा। उस पर अपनी पत्नी और गर्भस्थ शिशु की हत्या का मुकदमा चलेगा। भले ही हत्या का आरोपी अमित और मारी गई नेहा बिहार के मूल निवासी रहे हों, लेकिन हरियाणा में भी इस तरह की हत्याएं होती रहती हैं। यह किसी एक प्रांत या जिले की कहानी नहीं है। लगभग पूरे देश में ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। अक्सर देखा गया है कि मानसिक दबाव, अहंकार, शराब की लत और घरेलू विवाद के चलते पुरुष अपनी पत्नी की हत्या कर बैठते हैं। 

इस तरह की घटनाओं में होता यह है कि कई बार पति का इरादा पत्नी की हत्या करने का नहीं होता है, लेकिन वह उत्तेजना में आकर हत्या कर बैठता है। वह अनचाहे ऐसी जगह पर वार कर बैठता है जिससे पत्नी की मौत हो जाती है। कई बार पति अपनी पत्नी के किरदार पर शक करते हैं और इस शक में आकर हत्या जैसा कदम उठाते हैं। कई बार तो बात इससे उलट भी होती है। पत्नी को अपने पति के चरित्र पर शक होता है या उसे प्रमाण मिल जाता है, तो अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए वह हत्या जैसा कुकृत्य कर बैठता है। 

हरियाणा में घरेलू हिंसा व्यवस्थित और दोहराई जाने वाली प्रवृत्ति का हिस्सा है। शराब या दूसरे किस्म के नशे आदी लोग पत्नी के विरोध करने पर हिंसा पर उतारू हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में मारपीट के साथ-साथ हत्या जैसी घटनाएं भी घटित हो जाती हैं। एक आंकड़े के अनुसार, प्रदेश में लगभाग 37 प्रतिशत महिलाएं अपने वैवाहिक जीवन में किसी न किसी रूप में घरेलू हिंसा का शिकार होती हैं। इनमें से शायद ही कोई महिला घरेलू हिंसा रोकने के लिए कदम उठाती हो। वह इसे भाग्य का लिखा या नियति मानकर चुपचाप सहती रहती है।

 नीति आयोग की सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू हिंसा के कारण महिलाएं आत्महत्या या अचानक हुए हमलों की प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शिकार होती हैं। हरियाणा सरकार ने पिछले पांच-छह साल में कन्या भ्रूण हत्या रोककर यह साबित कर दिया है कि कानून से बदलाव लाया जा सकता है। अब जरूरत यह है कि स्त्री के खिलाफ किसी भी प्रकार का अपराध होने पर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए।

No comments:

Post a Comment