Saturday, June 13, 2026

बात-बेबात होती हत्याएं समाज और सरकार के लिए चिंताजनक


अशोक मिश्र

हरियाणा में अपराध का ग्राफ कभी घट जाता है, तो कभी बढ़ जाता है। राज्य में ज्यादातर गैंगवार के दौरान हत्याएं होती हैं। लेकिन मामूली बात पर अन्य राज्यों में होने वाली हत्याएं यहां भी होती हैं। किसी से मामूली सी बात पर कहा सुनी हो गई, आवेश में आकर एक ने दूसरे की हत्या कर दी। ऐसी हत्याओं पर कोई सरकार अंकुश नहीं लगा सकती है। हां, संगठित अपराध पर काबू पाया जा सकता है जिसका हरसंभव प्रयास राज्य सरकार करती ही है। 

राज्य के हांसी शहर में गुरुवार को जिम संचालक की पांच सेकेंड में दस गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सुबह पांच बजे लोगों को वार्म अप कराते समय जिम में घुसे दो लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर जिम संचालक कपिल रेढू की हत्या कर दी। हत्यारों ने अपना मुंह कपड़े से ढक रखा था। हत्या का कारण अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जो पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आई है, उसमें दावा किया गया है कि जिम संचालक शेखपुरा और ढाणी पुरिया फायरिंग मामले में मुख्य साजिशकर्ता था। 

यह बात कितनी सही है, यह पता लगाने की पुलिस कोशिश कर रही है। पुलिस मरने वाले जिम संचालक के आपराधिक इतिहास को भी खंगालने का प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो और हरियाणा पुलिस द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में हर साल एक हजार से ग्यारह सौ हत्याएं होती हैं। पिछले पांच वर्षों में राज्य में हत्याओं का कुल आंकड़ा लगभग 5,000 से 5,500 के बीच रहा है। राज्य में हत्या की सबसे ज्यादा वारदात गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में दर्ज की जाती है। 

राज्य में होने वाली हत्याओं का सबसे प्रमुख कारण पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद माने गए हैं। पुरानी रंजिश में लोग इंतजार करते रहते हैं और उपयुक्त अवसर पाकर अपने विरोधी की हत्या कर देते हैं। जमीन, जायदाद और पैसों के बंटवारे को लेकर भी हत्याएं होना, हरियाणा में आम बात है। ऐसे मामलों में विवाद होने पर घर का ही कोई व्यक्ति उत्तेजित होकर अपने ही भाई, बहन, पिता, माता या अन्य सदस्य की हत्या कर बैठता है। पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों के चलते या संदेह में भी हत्याएं होती हैं। 

ऐसे मामले में ज्यादातर महिला या उसके प्रेमी की हत्या कर दी जाती है। कभी-कभी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को भी मौत के घाट उतार देती है। हरियाणा में आॅनर किलिंग कोई नई बात नहीं है। राज्य में लड़की के समान गोत्र या दूसरी जाति, धर्म के लड़के के साथ विवाह कर लेने को अच्छा नहीं समझा जाता है। सम्मान बचाने के नाम पर लोग अपनी बहन-बेटी के साथ लड़के की भी हत्या कर देते हैं। इसके बाद नंबर आता है संगठित गिरोहों द्वारा किए गए अपराध का। राज्य सरकार गिरोहों का समूल नाश करने की हर संभव कोशिश कर रही है।

No comments:

Post a Comment